नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह से भारतीय सेना के उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ, जिसे केंद्रीय मंत्री ने ‘समृद्ध और उपयोगी चर्चा’ बताया।
इस बात की जानकारी केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “उत्तरी कमान, उधमपुर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने शिष्टाचार भेंट की। विचारों का एक सार्थक आदान-प्रदान हुआ।”
लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने 1 मई 2025 को उधमपुर स्थित भारतीय सेना की उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पदभार संभाला था। उन्होंने इस पद पर लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचेंद्र कुमार का स्थान लिया। करीब 30 वर्षों के अनुभव वाले प्रतीक शर्मा एक अनुभवी इन्फैंट्री अधिकारी हैं, जिन्होंने सेना में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
इससे पहले वह डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (स्ट्रैटेजी) और डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (डीजीएमओ) जैसे अहम पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने डायरेक्टर जनरल ऑफ इन्फॉर्मेशन वॉरफेयर के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा को विभिन्न ऑपरेशनल क्षेत्रों में काम करने का व्यापक अनुभव है। उन्होंने ऑपरेशन पवन, सियाचिन में ऑपरेशन मेघदूत, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन पराक्रम जैसे अहम अभियानों में भूमिका निभाई है, जो उनकी सैन्य क्षमता और अनुभव को दर्शाता है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका मजबूत बैकग्राउंड रहा है। वह पुणे स्थित नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए), देहरादून की इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए) और वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (डीएसएससी) के पूर्व छात्र रहे हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा को दिसंबर 1987 में मद्रास रेजिमेंट में कमीशन मिला था। अपने लंबे और सफल सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए देश की सेवा की है।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



