एग्जिट पोल: केरल में यूडीएफ की जीत के संकेत, 140 में से 83 से ज्यादा सीटें जीतने की उम्मीद

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल सामने आ गए हैं। शाइनिंग इंडिया के सर्वे में केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की धमाकेदार जीत नजर आ रही है।

शाइनिंग इंडिया के सर्वे के अनुसार, केरल चुनाव में यूडीएफ को 140 सीटों में से लगभग 83 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एलडीएफ को 54 और एनडीए को 3 सीटें मिलने की उम्मीद है। वहीं, 21 सीटों पर नजदीकी मुकाबले के आसार हैं।

शाइनिंग इंडिया सर्वे के अनुसार, यूडीएफ को 43.6 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है, जबकि एलडीएफ को 38.2 प्रतिशत और एनडीए को 13.5 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद है। वहीं, 1.3 प्रतिशत वोट अन्य के खाते में जाने की उम्मीद है। इसके साथ ही 3.4 प्रतिशत वोटों को साइलेंट बताया गया है।

बता दें कि केरल की 140 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ था। मतदाताओं ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था, जिसके चलते मतदान प्रतिशत 78.27 प्रतिशत दर्ज किया गया था। यह 1977 के बाद से अब तक का दूसरा बंपर मतदान माना जा रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, केरल के चुनावी इतिहास में 1977 में हुए विधानसभा चुनाव में 79.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

केरल में चुनावी यात्रा पर नजर डालें तो राज्य में आजादी के बाद 1957 में पहली बार विधानसभा चुनाव कराए गए थे, जिसमें 65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। तब से लेकर अब तक राज्य में हर बार मतदान प्रतिशत में वृद्धि देखी जा रही है।

2021 में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों पर गौर करें तो एलडीएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि यूडीएफ गठबंधन ने केवल 41 सीटों पर ही जीत हासिल की थी। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के लिए यह चुनाव काफी निराशाजनक साबित हुआ था, जिसके गठबंधन को एक भी सीट नहीं मिली थी।

केरल विधानसभा चुनाव से जुड़े ये आंकड़े केवल सर्वेक्षण और अनुमान पर आधारित हैं और इनका चुनावी नतीजों से कोई सरोकार नहीं है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित होंगे, जिसके बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।

–आईएएनएस

एमएस/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।