नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) में सरकारी शिक्षक बनने के लिए जो उम्मीदवार केवीएस और एनवीएस के दूसरे चरण की टियर-2 भर्ती परीक्षा में शामिल हुए थे और रिजल्ट जारी होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है।
दरअसल, केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) ने विभिन्न टीचिंग और नॉन-टीचिंग पदों के लिए टियर-II भर्ती परीक्षा के नतीजे चरण-दर-चरण जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को केवीएस और एनवीएस के दूसरे चरण की टियर-2 भर्ती परीक्षा के नतीजे सीबीएसई, केवीएस और एनवीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। परिणाम चेक करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सीबीएसई/केवीएस/एनवीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद परिणाम से संबंधित लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एक नया पेज खुलेगा, वहां रजिस्ट्रेशन नंबर, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज करें। फिर परिणाम आपके स्क्रीन पर खुल जाएगा।
रिजल्ट को चेक करने के बाद उसे डाउनलोड कर लें। भविष्य के संदर्भ के लिए परिणाम का प्रिंट आउट निकाल कर रख लें।
सीबीएसई की ओर से जिन पदों के लिए केवीएस-एनवीएस टियर-2 भर्ती परीक्षा परिणाम जारी किए गए हैं, उनमें पोस्ट ग्रेजुएट टीचर्स (पीजीटी) के पीजीटी (असमिया), पीजीटी (उर्दू), पीजीटी (बांग्ला), पीजीटी (गारो), पीजीटी (बायो-टेक्नोलॉजी), पीजीटी (मणिपुरी), पीजीटी (तमिल) और पीजीटी (तेलुगु) के परिणाम शामिल हैं।
वहीं, ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर्स (टीजीटी) पदों में टीजीटी (मराठी), टीजीटी (तेलुगु), टीजीटी (असमिया), टीजीटी (मणिपुरी), टीजीटी (उर्दू), टीजीटी (बांग्ला), टीजीटी (नेपाली), टीजीटी (गुजराती), टीजीटी (ओड़िया), टीजीटी (कन्नड़), टीजीटी (पंजाबी), टीजीटी (मलयालम) और टीजीटी (तमिल) पदों के रिजल्ट जारी किए गए हैं।
इसी के साथ बोर्ड ने नॉन-टीचिंग पोस्ट्स में असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल), एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर और मल्टी-टास्किंग स्टाफ पोस्ट के भी नतीजे घोषित किए हैं।
उम्मीदवार अपने एप्लीकेशन पोर्टल पर लॉग इन करके, पोस्ट के हिसाब से अपना रिजल्ट/शॉर्टलिस्टिंग स्टेटस देख सकते हैं। वहीं, इस चरण में घोषित परिणाम से उम्मीदवारों को पता चलेगा कि उन्हें इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है या नहीं।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (ईएमआरएस) टियर-II भर्ती परीक्षा के नतीजे अलग से ईएमआरएस/एनईएसटीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किए जाएंगे।
इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 2025 में हुई थी और टियर-1 परीक्षा 10 और 11 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। टियर-I का रिजल्ट 28 फरवरी 2026 को जारी किया गया था, जिसके बाद टियर-2 परीक्षा 27 से 31 मार्च 2026 तक हुई और टियर-2 का रिजल्ट 17 और 18 अगस्त को जारी किया गया है।
–आईएएनएस
डीके/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



