नाबालिग छात्रा से गैंगरेप के बाद नोएडा में रातभर चला चेकिंग अभियान, संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की कड़ी नजर

Summary :

नोएडा, 2 सितंबर (आईएएनएस)। 17 वर्षीय छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिला सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन में नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। घटना के बाद पुलिस ने पूरी रात नोएडा के अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के साधनों की सघन जांच की। पुलिस की टीमें बसों, टैक्सियों और अन्य वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, शीशे, काली फिल्म, पर्दे, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करती नजर आईं। चेकिंग के दौरान कई बसों में सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम भी पूरे नहीं मिले। कुछ…

नोएडा, 2 सितंबर (आईएएनएस)। 17 वर्षीय छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद गौतमबुद्धनगर पुलिस ने महिला सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन में नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। घटना के बाद पुलिस ने पूरी रात नोएडा के अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध वाहनों और सार्वजनिक परिवहन के साधनों की सघन जांच की।

पुलिस की टीमें बसों, टैक्सियों और अन्य वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, शीशे, काली फिल्म, पर्दे, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करती नजर आईं। चेकिंग के दौरान कई बसों में सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम भी पूरे नहीं मिले। कुछ बसों में पैनिक बटन तक नहीं पाए गए। वहीं, कई वाहनों में शीशों पर लगी फिल्म, गहरे रंग के पर्दे और वाहनों में किए गए अनधिकृत बदलाव भी जांच के दायरे में रहे। पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले दिन में परिवहन विभाग की टीम ने भी सार्वजनिक परिवहन वाहनों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया था। अलग-अलग ट्रांसपोर्ट की 9 बसों को जब्त किया गया, जबकि करीब 400 बसों के चालान किए गए। अधिकारियों ने बस संचालकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी नोएडा साद मिया खान और एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-20 और थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग की।

अधिकारियों ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों को बैरिकेडिंग लगाकर रोका जाए और उनकी विधिवत जांच की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसी क्रम में डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा एडीसीपी ग्रेटर नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सेक्टर-142 क्षेत्र में एडवांट कट के पास सार्वजनिक वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान बस और टैक्सी समेत विभिन्न वाहनों के अभिलेखों की जांच की गई। पुलिस ने वाहनों में लगी काली फिल्म, अनधिकृत परिवर्तन, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियमों के अनुपालन की भी पड़ताल की। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की।

अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित रूप से सार्वजनिक और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमजन, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों पर कार्रवाई के साथ-साथ रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।

–आईएएनएस

पीकेटी/एसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.