देश की अहम परीक्षाओं में केंद्र सरकार ने बड़े बदलाव किए हैं। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने घोषणा की है कि अगले साल से मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी।
नीट की परीक्षा हर साल फरवरी और मई माह में आयोजित होगी। साथ ही ये परीक्षाएं कम्प्यूटर के माध्यम से करवाई जाएगी। जबकि जेईई (मेन्स) की परीक्षा हर साल जनवरी और अप्रैल में कराई जाएगी। वहीं नेट की परीक्षा दिसंबर में कराई जाएगी।
सरकार की ओर से जारी किए गए निर्देशों के अनुसार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से करवाई जाने वाली कई परीक्षाएं अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) करवाएगी। वही, प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि अब नीट, जेईई, नेट परीक्षाओं का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी करेगी। अब तक इन परीक्षाओं के आयोजन की जिम्मेदारी सीबीएसई पर थी।
प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि नीट और जेईई में प्रवेश के लिए दोनों अवसरों में से सर्वाधिक प्राप्तांक पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा सिलेबस और अन्य सभी औपचारिकताएं पहले की तरह ही रहेंगी।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पहले ही इस बात की सिफारिश की थी, परीक्षा के आयोजन के लिए एक एंजेसी होनी चाहिए, जो कि परीक्षाओं का आयोजन कर सके।


Download Android App
Download iOS App



