कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) के स्थान पर कृषि अधिकरण बनाने की सरकार की फिलहाल कोई योजना नहीं है। कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। तोमर ने बताया कि आयोग की जगह अधिकरण बनाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि कृषि उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की जगह कोई अन्य मूल्य प्रणाली लागू करने की भी कोई योजना नहीं है। सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकार ने वर्तमान में 22 आवश्यक कृषि फसलों के लिये एमएसपी निर्धारित किये हैं।
सिंह ने बताया कि एमएसपी की सिफारिश करते समय सीएसीपी उत्पादन लागत, समग्र आपूर्ति की स्थिति घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय कीमतें, अंतर फसल-मूल्य समानता तथा जल एवं भूमि आदि जैसे उत्पाद संसाधनों का संगत उपयोग तथा उत्पादन लागत का न्यूनतम 50 प्रतिशत मार्जिन जैसी महत्वपूर्ण लागतों पर विचार किया जाता है।


Download Android App
Download iOS App



