भुवनेश्वर, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने गुरुवार को ओडिशा ट्रैवल बाजार (ओटीबी) 2026 के सातवें संस्करण की आधिकारिक घोषणा की। तीन दिवसीय यह आयोजन 3 से 5 अक्टूबर तक भुवनेश्वर स्थित मेफेयर सैंक्चुअरी में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी इस आयोजन का उद्घाटन करेंगे। आयोजन की घोषणा मेफेयर लैगून में आयोजित प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई।
ओडिशा पर्यटन विभाग और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफआईसीसीआई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला ओटीबी 2026 एक प्रमुख बीटूबी पर्यटन मंच होगा। इसमें 92 से अधिक निजी कंपनियों के प्रदर्शक, 27 देशों के विदेशी टूर ऑपरेटर और 32 शहरों के घरेलू खरीदार शामिल होंगे। आयोजन के दौरान 6,000 से अधिक पूर्व निर्धारित बिजनेस मीटिंग होने की उम्मीद है।
उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ओडिशा ट्रैवल बाजार राज्य की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच है। इस आयोजन के जरिए ओडिशा के खान-पान, हथकरघा, हस्तशिल्प, पर्यटन स्थलों और आगामी आयोजनों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही यह निवेशकों, पर्यटन कारोबार से जुड़े ब्रांड और अन्य हितधारकों के बीच संवाद को बढ़ावा देगा।
परिदा ने कहा कि ओडिशा एक महत्वाकांक्षी पर्यटन रणनीति पर काम कर रहा है, जिसका उद्देश्य स्थानीय समुदायों के लिए सीधे आर्थिक अवसर पैदा करना और वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर राज्य की स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि राज्य की टैगलाइन ‘थिंक इंडिया, थिंक ओडिशा’ है। जो लोग भारत में निवेश करना चाहते हैं या देश को जानना चाहते हैं, उन्हें ओडिशा की संभावनाओं पर भी विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एडवेंचर टूरिज्म, होमस्टे और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में प्रगतिशील नीतियों के माध्यम से राज्य पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा दे रहा है। इसका उद्देश्य ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप राज्य में पर्यटन के जरिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन से होने वाला आर्थिक लाभ केवल बड़े होटल और रिसॉर्ट तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका फायदा स्थानीय समुदायों और छोटे व्यवसायों तक भी पहुंचना चाहिए। उन्होंने ओडिशा की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय जीवनशैली को पर्यटकों के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों और वैश्विक पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों से ओडिशा के ‘ब्रांड एंबेसडर’ बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवंत परंपराओं, विशेष रूप से ग्रामीण ओडिशा की विशिष्ट संस्कृति को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने बताया कि इस बार ओटीबी की एक खास विशेषता ओडिशा के सभी 30 जिलों की विशिष्ट खूबियों को प्रदर्शित करना होगी। इनमें स्थानीय खान-पान, हथकरघा, हस्तशिल्प और अन्य सांस्कृतिक विशेषताओं को प्रमुखता दी जाएगी। इसके अलावा इस संस्करण में भाग लेने वाले राज्यों की संख्या 18 से बढ़कर 21 हो गई है।
ओटीबी 2026 के तहत राज्य के विभिन्न हिस्सों में आठ प्री और पोस्ट-इवेंट फैमिलियराइजेशन टूर भी आयोजित किए जाएंगे। इन दौरों में टूर ऑपरेटर, खरीदार, मीडिया प्रतिनिधि और इन्फ्लुएंसर ओडिशा के विभिन्न पर्यटन उत्पादों और स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव ले सकेंगे।
–आईएएनएस
एसएके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



