Owaisi Statement Hijab Controversy: AIMIM चीफ और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने हिजाब विवाद के बीच एक बड़ा और राजनीतिक रूप से अहम बयान दिया है। महाराष्ट्र के सोलापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि भारत के लोकतांत्रिक ढांचे और संविधान की ताकत के कारण भविष्य में हिजाब पहनने वाली महिला देश की प्रधानमंत्री बनेगी। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को समान अवसर देता है और यही इसकी सबसे बड़ी खूबी है।
Hijab in Indian Politics: देश में बुर्का-हिजाब विवाद पर मचा बवाल

ओवैसी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब हिजाब और बुर्का को लेकर एक बार फिर देश में बहस तेज हो गई है। हाल ही में बिहार के एक ज्वेलरी शॉप में हिजाब-बुर्का पहनकर आने पर रोक लगाए जाने का मामला सामने आया है। इस पर अल्पसंख्यक आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए पटना के कलेक्टर और एसपी को पत्र लिखा है। ओवैसी ने इस पूरे विवाद को संविधान के मूल अधिकारों से जोड़ते हुए कहा कि किसी की धार्मिक पहचान के आधार पर उसे सार्वजनिक या निजी स्थानों से दूर करना गलत है।
India PM Hijab Comment: पाकिस्तान को लेकर क्या बोल गए ओवैसी?
अपने भाषण में ओवैसी ने पाकिस्तान से तुलना करते हुए कहा कि भारत का संविधान उससे कहीं अधिक मजबूत और लोकतांत्रिक है। यहां कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी समुदाय या पृष्ठभूमि से आता हो, प्रधानमंत्री बन सकता है। इसी भरोसे के साथ उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हिजाब पहनने वाली महिला भी देश का नेतृत्व कर सकती है। इस दौरान ओवैसी ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अजित पवार अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रभाव में हैं और उन्हें वोट देने का मतलब मोदी की नीतियों का समर्थन करना है।
Owaisi Statement Hijab Controversy: मोदी-शिंदे-अजित पवार मिलकर जनता की आंखों में धूल झोंक रहे- ओवैसी

ओवैसी ने पीएम मोदी, एकनाथ शिंदे और अजित पवार को “त्रिमूर्ति” करार देते हुए आरोप लगाया कि ये तीनों मिलकर जनता की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। सोलापुर की जनता से किए गए वादों में ओवैसी ने 16 इंच की पानी की पाइपलाइन, सड़कों की मरम्मत, गरीबों के लिए एंबुलेंस सुविधा और प्रॉपर्टी कार्ड व जमीन के मालिकाना हक से जुड़े मुद्दों को सुलझाने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने मुस्लिम लड़कियों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए सावित्रीबाई फुले और फातिमा शेख को याद किया और उन्हें प्रेरणा स्रोत बताया। कुल मिलाकर, ओवैसी का यह भाषण हिजाब विवाद, संविधान, और मौजूदा राजनीतिक समीकरणों पर सीधा और स्पष्ट संदेश देता नजर आया।
यह भी पढ़ें: Trump का बड़ा बयान, अमेरिका ने समय पर कदम नहीं उठाया होता तो China या Russia वेनेजुएला पर कर लेते कब्जा






















