भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान कभी भी अपने नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सुरक्षा बल जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
जावड़ेकर ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में काफी कुछ किया है और जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान हटाने, करतारपुर गलियारे को खोलने, संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) बनाने समेत अन्य प्रमुख उपलब्धियों का हवाला दिया।
वह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर डिजिटल माध्यम से गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में जन संवाद को संबोधित कर रहे थे। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष मई के अंत में पूरा हो गया था। जावड़ेकर ने कहा, भारतीय सुरक्षा बल पिछले एक हफ्ते से जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
लद्दाख सीमा विवाद पर कांग्रेस का तंज – राजनीतिक दलों को जानकारी नहीं दे रहे ‘मौनेंद्र मोदी’
उन्होंने कहा, कई आतंकवादियों को मारा जा चुका है जबकि अभियान के दौरान कुछ को गिरफ्तार किया गया है। मंत्री ने कहा, भारत ने साफ तौर पर बता दिया है कि पाकिस्तान कभी भी अपने नापाक इरादों में सफल नहीं होगा। अपने संबोधन में उन्होंने मोदी सरकार की कई उपलब्धियां गिनवाईं जिनमें सीएए को पारित कराना, भारत-पाकिस्तान के बीच करतारपुर गलियारा खोलना, जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाना, जीएसटी लाना, अयोध्या में राम मंदिर का काम शुरू कराना शामिल है।
जावड़ेकर ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत बनाने के संकल्प का भी जिक्र किया। जावड़ेकर के संबोधन के बाद, एक हॉल में जमा हुए गुजरात भाजपा के नेताओं को संकल्प लिया कि वे स्थानीय तौर पर बनी चीजों का ही प्रचार करेंगे ।


Download Android App
Download iOS App



