राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने मंगलवार को यहां एक अस्पताल की आधारशिला रखी और कहा कि इसके निर्माण के बाद केंद्र शासित लक्षद्वीप के लोगों को इलाज के लिए बाहर जाने की समस्या से निजात मिल जाएगी।
श्री कोविंद लक्षद्वीप की अपनी पहली यात्रा आज सुबह यहां पहुंचे। उनके कारावट्टि पहुंचने पर लक्षद्वीप के प्रशासक दिनेश्वर शर्मा ने अगुवानी की। राष्ट्रपति को यहां गार्ड ऑफ ऑनर दिये जाने के साथ की पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया।
इसके बाद राष्ट्रपति ने यहां एक ‘सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल’ की आधारशिला रखी। उन्होंने मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस अस्पताल के निर्माण के बाद यहां के लोगों के साथ-साथ पूरे प्रदेशों के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से निजात मिलेगी। अस्पताल बन जाने के बाद इलाज के लिए कोच्चि जाने वाले लोगों की संख्या में कमी आएगी।
राष्ट्रपति ने लक्षद्वीप के निवासियों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के लोग बिजली के लिए पूरी तरह से डीजल पर निर्भर हैं।
उन्होंने कहा कि इस निर्भरता को कम करने के लिए हमें दूसरे रास्ते तलाशने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लक्षद्वीप में हवा और सूरज की रौशनी प्रचुर मात्रा में और इसको देखते हुए प्रदेश में हमें नवीकरण ऊर्जा का विस्तार करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे यह भी जानकारी है कि केंद्र शासित प्रदेश में पीने के पानी की कमी है। इसलिए इस क्षेत्र में भी सुधार करने की जरूरत है। मुझे विश्वास है कि यहां का प्रशासन तथा लोग इस समस्या को दूर करने के लिए मिलकर काम करेंगे। ’’


Download Android App
Download iOS App



