शायद लोकसभा चुनाव से कुछ दिनों पहले हो लोकपाल की नियुक्ति : कांग्रेस 

Summary :

NULL

नई दिल्ली :  कांग्रेस ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शायद 2019 के लोकसभा चुनाव से कुछ दिन पहले लोकपाल की नियुक्ति करें। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लोकपाल की नियुक्ति के बारे में मैंने लेख लिखा है, आपके समक्ष प्रेस वार्ता 10 बार की है। अगर सौभाग्यवश कभी लोकपाल की नियुक्ति केन्द्र में हो गई तो शायद 2019 के चुनाव के कुछ चंद दिन पहले होगी, अगर हुई तो?’’ उन्होंने कहा, ‘‘13 वर्ष तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी जी ने गुजरात में लोकायुक्त नहीं बनने दिया ।

2019 में जब वह हटने वाले होंगे तो शायद लोकपाल की नियुक्ति हो जाए। वैसे वह अगले साल हटेंगे।’’ मानसून सत्र में विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों के बारे में पूछे जाने पर सिंघवी ने कहा, ‘‘मैं ये नहीं कह सकता कि हमारे आक्रमण का क्या स्वरुप होगा, लेकिन निश्चित रुप से हमारे पास जनता से जुड़े कई कई मुद्दे हैं जैसे जम्मू-कश्मीर की स्थिति, लिंचिंग, कमजोर आर्थिक व्यवस्था, बेरोजगारी, किसानों की दुर्दशा, भ्रष्टाचार। अब किसी भी मुद्दे के आधार पर अविश्वास मत के लिए सहमति बनती है तो सरकार तैयार रहे।’’

Desk Team