पेयजल समस्या से निपटने की योजना बनाएं

Summary :

NULL

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि गर्मी शुरू हो गयी है। पेयजल की समस्या से निपटने के लिए योजना बनाकर काम करें। लोगों को पानी की किल्लत न हो, इसके लिए विशेष तैयारी करें। जो शिकायतें आ रही हैं, उनका त्वरित निष्पादन करें। शिकायत के लिए जनसंवाद के नंबर के साथ साथ अलग से भी विभाग एक नंबर जारी करें। पेयजल आपूर्ति के लिए प्रतिदिन अखबारों के माध्यम से लोगों को जानकारी दें।

उक्त बातें मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के संबंध में हुई बैठक में कहीं। बैठक में बताया गया कि रांची में अंडरग्राउंड केबलिंग के कारण ​​ आपूर्ति की समस्या आ रही है जिस कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। अंडरग्राउंड केबलिंग होने तक यह समस्या बनी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने निदेश दिया कि पेयजल आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिये बिजली की समस्या रहेगी। व्यवस्था सुधारने का काम चल रहा है। जल्द ही इसके सकारात्मक नतीजे देखने को मिलेंगे। अंडरग्राउंड केबलिंग होने के बाद रांची के जीरो कट का सपना भी पूरा होगा। शहर में पानी की टंकियों की कमी को पूरा करने के लिए टेंडर प्रक्रिया को तेज करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जनकल्याण कार्यों में राशि खर्च करने की चिंता न करें। लोगों को परेशानी से बचाने के लिए राशि की समस्या आड़े नहीं आयेगी। बैठक में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने विभाग से सक्रियता बढ़ाने का कहा। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम के कचरा उठाने वाले वाहनों तथा जनसंपर्क के वाहन से पेयजल आपूर्ति की सूचना लोगों तक पहुंचायी जायेगी।

जनसंवाद में जो शिकायतें आयेंगी उन्हें विभाग तक पहुंचाया जायेगा और उसका त्वरित निदान होगा। लोगों को पेयजल आपूर्ति के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी। बैठक में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, उद्योग सचिव सुनील कुमार बर्णवाल, पेयजल आपूर्ति विभाग की सचिव श्रीमती अराधना पटनायक समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करे

Desk Team