पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने की मतदाताओं से वोट डालने की अपील

Summary :

पीएम मोदी ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए ट्वीट किया, ‘‘लोकसभा चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान है।

आज देश में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर पहले चरण में चुनाव हो रहे है। वही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ने सभी मतदाताओं विशेष रूप से युवा से वोट डालने की अपील की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी मतदाताओं विशेष रूप से युवा और पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले ‘फर्स्ट टाइम वोटर्स’ से लोकतंत्र के इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

देश में 17वीं लोकसभा के लिए गुरुवार को सुबह सात बजे से पहले चरण का मतदान शुरू हो गया। पहले चरण में लोकसभा की 543 सीटों में से 91 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। पीएम मोदी ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए ट्वीट किया, ‘‘लोकसभा चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान है।

सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि लोकतंत्र के इस महोत्सव में जरुर हिस्सा लें।’’ प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। पहले मतदान, फिर जलपान।’’ उन्होंने विशेष रूप से युवा और ‘फर्स्ट टाइम वोटर्स’ से अधिक से अधिक संख्या में वोट डालने की अपील की।

भारत की आत्मा और भविष्य के लिए वोट करें : राहुल

लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान आरंभ होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 2014 के बीजेपी के वादों और राफेल एवं कृषि संकट सहित कई मुद्दों को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और जनता से भारत की आत्मा व भविष्य के लिए वोट करने का आह्वान किया। गांधी ने ट्वीट किया, ”दो करोड़ नौकरियां नहीं मिलीं, 15 लाख रुपये खाते में नहीं आए, अच्छे दिन नहीं आए।

इसके अलावा नौकरी नहीं है, नोटबन्दी हो गई, किसान संकट में हैं। गब्बर सिंह टैक्स लगा दिया गया।” कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ”सूटबूट की सरकार, राफेल, झूठ पर झूठ, अविश्वास, हिंसा, नफरत और डर है।” उन्होंने कहा, ”आप आज भारत की आत्मा के लिए वोट करिए। भारत के भविष्य के लिए वोट करिए। अक्लमंदी से वोट करिए।” आज 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है।

Desk Team