SCO सम्मेलन में बोले PM मोदी-आतंकवाद से निपटने के लिए एकजुट होना होगा

Summary :

शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) सम्मेलन से इतर यहां बिश्केक में प्रधानमंत्री मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी से भेंट की और द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।

आज किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन का दूसरा दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज SCO सम्मेलन में शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य राज्यों के नेताओं के साथ मुलाकात की। साथ ही एससीओ सदस्य देशों के नेता संयुक्त तस्वीर खिंचवाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में शंघाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा, आतंकवाद के खतरे से निपटने के लिए, सभी मानवीय शक्तियों को एक साथ आगे आना चाहिए। आतंकवाद को प्रोत्साहन, समर्थन और वित्त प्रदान करने वाले देशों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। 
पीएम मोदी ने कहा, साहित्य और संस्कृति हमारे समाजों को एक सकारात्मक गतिविधि प्रदान करते हैं, युवाओं में कट्टरता के प्रसार को रोकते हैं। श्रीलंका की अपनी यात्रा के दौरान मैंने सेंट एंथोनी के मंदिर का दौरा किया, जहां मैंने आतंकवाद के कुरूप चेहरे को देखा, जो निर्दोष लोगों की जान लेता है। 
आधुनिक समय में कनेक्टविटी बेहद जरूरी है। लोगों का आपस में संपर्क होना भी जरूरी है, जल्द ही भारत की वेबसाइट पर रूस की टूरिज्म की जानकारी भी होगी। इसके अलावा अफगानिस्तान के लोगों के साथ मिलकर हम आगे बढ़ेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ परिषद् के राष्ट्र प्रमुखों की यहां बैठक से पहले किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सूरोनबे जीनबेकोव से शुक्रवार को मुलाकात की। जीनबेकोव एससीओ शिखर सम्मेलन 2019 के मौजूदा अध्यक्ष भी हैं। प्रधानमंत्री मोदी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) परिषद् के राष्ट्र प्रमुखों की बैठक से पहले ‘अला अरचा प्रेजीडेंशियल पैलेस’ पहुंचे जहां किर्गिस्तान के राष्ट्रपति ने उनका स्वागत किया। 
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह एससीओ परिषद् के राष्ट्र प्रमुखों की बैठक से पहले अला अरचा प्रेंजीडेंशियल पैलेस पहुंचे, जहां किर्गिज गणराज्य के राष्ट्रपति एवं एससीओ शिखर सम्मेलन 2019 के मौजूदा अध्यक्ष सूरोनबे जीनबेकोव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।’’ 


वहीं आतंकवाद को लेकर पड़ोसी देश पाकिस्तान पर सख्त रुख दिखाते हुए मोदी पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान से नहीं मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान पीएम इमरान खान SCO सम्मलेन की बैठक में आमने-सामने आए लेकिन उनके बीच ना कोई बात हुई और ना कोई मुलाकात। हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय ने पहले स्पष्ट किया था कि एससीओ सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री का इमरान खान के साथ मिलने का कोई कार्यक्रम नहीं है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ वार्ता के दौरान पाकिस्तान से उत्पन्न सीमापार आतंकवाद का मुद्दा उठाया और कहा कि भारत आशा करता है कि बातचीत बहाल करने के लिये आतंकवाद मुक्त वातावरण तैयार करने की खातिर पाकिस्तान ‘ठोस कार्रवाई’ करेगा। शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (एससीओ) सम्मेलन से इतर यहां बिश्केक में प्रधानमंत्री मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी से भेंट की और द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए दोनों के बीच रिश्तों के सभी पहलुओं की समीक्षा की। पिछले महीने भारत में लोकसभा चुनाव में बीजेपी की जबरदस्त जीत के बाद मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात है।

Desk Team