PM मोदी ‘स्मार्ट इंडिया हैकाथन’ के ग्रैंड फिनाले को आज करेंगे संबोधित, छात्रों से होंगे रूबरू

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2020 (सॉफ्टवेयर) के ग्रैंड फिनाले के प्रतिभागियों को 1 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2020 (सॉफ्टवेयर) के ग्रैंड फिनाले के प्रतिभागियों को 1 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के द्वारा संबोधित करेंगे और मौके पर छात्रों से रूबरू होंगे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान के अनुसार, ‘स्मार्ट इंडिया हैकाथन’ हमारे देश के सामने आने वाली चुनौतियों को हल करने के लिए नयी और डिजिटल प्रौद्योगिकी नवाचारों की पहचान करने की एक पहल है। 
बयान में कहा गया है, ‘‘यह युवा दिमाग में एक अलग सोच को बढ़ावा देने में बेहद सफल साबित हुआ है।’’ प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘स्मार्ट इंडिया हैकाथन विचार करने और कुछ नया करने के एक जीवंत मंच के रूप में उभरा है। स्वाभाविक रूप से, इस बार हमारे युवा अपने नवाचारों में कोविड के बाद की दुनिया के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत बनाने के तरीकों पर ध्यान केंद्रित कर रहे होंगे।’’ 

स्मार्ट इंडिया हैकाथन के 2017 में हुए पहले संस्करण में 42,000 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। यह संख्या 2018 में बढ़कर एक लाख और 2019 में बढ़कर दो लाख हो गई थी। स्मार्ट इंडिया हैकाथन 2020 के पहले दौर में साढ़े चार लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। बयान में कहा गया है, ‘‘इस साल, 10,000 से अधिक छात्र होंगे जो केंद्र सरकार के 37 विभागों, 17 राज्य सरकारों और 20 उद्योगों के 243 ‘‘प्रॉब्लम स्टेटमेंट्स’’ के समाधान के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।’’ 

राजस्थान : गहलोत सरकार ने ‘अनलॉक-3’ की गाइडलाइन की जारी, बंद रहेंगे स्कूल और कॉलेज

Desk Team