प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लोगों से आग्रह किया कि सभी चंद्रयान-2 को चंद्रमा की सतर पर उतरने की प्रक्रिया देखें और उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करें।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘मेरा आप सभी से आग्रह है कि चंद्रयान-2 के विशेष क्षण को चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर उतरते हुए देखें। अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करें। मैं उनमें से कुछ को री-ट्वीट भी करूंगा।’
प्रधानमंत्री शनिवार को चंद्रयान-2 के चंद्रमा के सतह पर अंतिम रूप से उतरने हुए देखने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मुख्यालय बेंगलुरू में मौजूद होंगे।
अधिकारियों ने कहा कि मोदी चंद्रयान-2 को चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर उतरते हुए देखने के साक्षी बनेंगे। वह उपग्रह नियंत्रण केंद्र (एससीसी), इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) से इस घटना को देखेंगे। वह ‘स्पेस क्विज’ के विजेताओं से भी बात करेंगे। ‘स्पेस क्विज’ कक्षा 8 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए इस घटना को लेकर आयोजित किया गया था।
अधिकारियों ने कहा कि मोदी के इसरो के दौरे से अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का मनोबल बढ़ेगा और युवाओं में प्रश्न पूछने की भावना को बल मिलेगा। मोदी ने पहले कहा था कि चंद्रयान-2 मिशन ‘भारत के दिल में है, भारत की भावना में है।’


Download Android App
Download iOS App



