पीएम मोदी ने लता मंगेशकर को 91वें जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दी

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर से फोन पर बात कर उन्हें 91वें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर से फोन पर बात कर उन्हें 91वें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी। 
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘आदरणीय लता दीदी से बात की और उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी। उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। लता दीदी पूरे देश में घर-घर में पहचाना जाने वाला नाम है। हमेशा ही उनका दुलार और आर्शीवाद मिला जिससे मैं स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस करता हूं।’’ 

मंगेशकर ने पांच दशक से भी अधिक समय तक फिल्मों में पार्श्वगायन की दुनिया पर राज किया। उन्होंने कई भारतीय भाषाओं में गीत गाए हैं। उन्हें भारत रत्न समेत अनेक सम्मान एवं पुरस्कारों से नवाजा गया है।  
अपनी मधुर आवाज से पिछले कई दशक से संगीत के खजाने में हर दिन नये मोती भरने वाली लता मंगेशकर 28 सितंबर 1929 को इंदौर में मशहूर संगीतकार दीनानाथ मंगेशकर के यहां पैदा हुई थीं। 
लता ने अपनी आवाज और अपनी सुर साधना से बहुत छोटी उम्र में ही गायन में महारत हासिल की और विभिन्न भाषाओं में गीत गाए। पिछली पीढ़ी ने जहां लता की शोख और रोमानी आवाज का लुत्फ उठाया, मौजूदा पीढ़ी उनकी समन्दर की तरह ठहरी हुई परिपक्व गायकी को सुनते हुए बड़ी हुई है। 

Ujjwal Jain