PM मोदी ने शेख हसीना को रमजान की दी शुभकामनाएं, कोविड-19 की स्थिति पर भी हुई चर्चा

Summary :

दोनों नेताओं ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की और एक दूसरे को अपने-अपने देशों में इसके प्रभावों को कम करने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को रमजान की शुभकामनाएं दी साथ ही दोनों के बीच कोविड-19 की स्थिति और इस महामारी से निपटने के लिए आपसी सहयोग के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करके बताया कि उन्होंने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से बात की और उन्हें एवं बांग्लादेश के लोगों को रमजान के पवित्र महीने पर शुभकामनाएं दी। 

उन्होंने कहा कि हमने कोविड-19 की स्थिति के साथ साथ इस बारे में भी चर्चा की कि भारत एवं बांग्लादेश इस महामारी के खिलाफ लड़ाई में किस प्रकार से सहयोग कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बांग्लादेश के साथ हमारे संबंध हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता में बने रहेंगे।’’ 
गौरतलब है कि कोरोना वायरस महामारी के कारण उत्पन्न चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले कुछ समय से दुनिया के विभिन्न देशों के शासनाध्यक्षों के साथ इस संकट और इससे निपटने के उपायों पर चर्चा कर रहे हैं। बाद में जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की और एक दूसरे को अपने-अपने देशों में इसके प्रभावों को कम करने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। 

Desk Team