PM Modi का तीन दिवसीय गुजरात दौरा, वन्यजीव बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करेंगे

Summary :

PM Modi का गुजरात दौरा, सोमनाथ मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी सोमनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भी जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी शनिवार (1 मार्च) शाम को लगभग 7 बजे जामनगर पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। 2 मार्च (रविवार) को पीएम मोदी दोपहर 12 बजे जामनगर के रिलायंस वनतारा जाएंगे। वनतारा पशु बचाव केंद्र का दौरा करने का कार्यक्रम है। रिलायंस इंडस्ट्रीज और रिलायंस फाउंडेशन द्वारा जामनगर में रिफाइनरी परिसर के भीतर लगभग 3,000 एकड़ क्षेत्र में स्थापित वनतारा एक अत्याधुनिक पशु बचाव, संरक्षण और पुनर्वास केंद्र है।

PM Modi शनिवार से तीन दिवसीय Gujrat दौरे पर, जानें पूरा शेड्यूल

अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर का प्रबंधन करने वाले श्री सोमनाथ ट्रस्ट की एक बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। 3 मार्च को पीएम मोदी सुबह 6 बजे गिर राष्ट्रीय उद्यान में सफारी से अपने दिन की शुरुआत करेंगे और एशियाई शेरों को देखेंगे। वह जूनागढ़ जिले के सासन में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इस तरह की बैठकों में वन्यजीवों से संबंधित राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर चर्चा की जाती है और उन्हें अंतिम रूप दिया जाता है। यह बैठक इसलिए खास है क्योंकि इसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री करेंगे। एनबीडब्ल्यूएल में 47 सदस्य हैं, जिनमें सेना प्रमुख, विभिन्न राज्यों के सदस्य, इस क्षेत्र में काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, मुख्य वन्यजीव वार्डन और विभिन्न राज्यों के सचिव शामिल हैं।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री सासन में कुछ महिला वन कर्मचारियों से बातचीत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री गिर सोमनाथ जिले में स्थित सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। सोमनाथ से वह राजकोट हवाई अड्डे पहुंचेंगे और दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.