पीएम नरेंद्र मोदी ने संत रविदास की 648 वीं जयंती पर किया नमन, दी शुभकामनाएं

Summary :

पीएम मोदी ने संत रविदास को बताया समाज का पथ-प्रदर्शक

संत शिरोमणि रविदास को उनकी 648 वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमन किया। पीएम मोदी ने उन्हें समाज के कमजोर और वंचित वर्गों का पथ-प्रदर्शक बताया। संत रविदास की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में पीएम मोदी उनकी आरती करते दिख रहे हैं। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “पूज्य संत गुरु रविदास जी को उनकी जन्म-जयंती पर सादर नमन और वंदन। समाज से भेदभाव के उन्मूलन के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। सेवा, सौहार्द और भाईचारे की भावना से भरे उनके संदेश समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।

इस वीडियो में पीएम मोदी संत रविदास की एक प्रतिमा पर पुष्पार्पण करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीएम मोदी कह रहे हैं, “संत रविदास सबके हैं और सब संत रविदास के हैं। रविदास जी उस भक्ति आंदोलन के संत थे जिसने कमजोर और विभाजित हो चुके भारत को नई ऊर्जा दी थी। रविदास जी ने समाज को आजादी का महत्व भी बताया था और सामाजिक विभाजन को भी पाटने का काम किया था। ऊंच-नीच, छुआछूत, भेदभाव के खिलाफ उन्होंने उस दौर में आवाज उठाई थी। उन्होंने समता और समरसता की शिक्षा भी दी।

उन्होंने हमेशा दलितों और वंचितों की विशेष चिंता भी की। आज हमारी सरकार रविदास जी के विचारों को आगे बढ़ा रही है। सरकार सबकी है। सरकार की योजनाएं सबके लिए हैं। मैं देश और दुनियाभर के सभी लोगों को संत रविदास की जयंती की शुभकामनाएं देता हूं। वीडियो में आगे पीएम मोदी खड़ताल बजाते हुए और संत रविदास के गीत गाते, उनकी आरती करते और पैर छूकर माल्यार्पण करते भी दिख रहे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.