आतंकियों और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई से हिचकना आतंकवाद को बढ़ावा देना : मोदी

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवादियों और उनके मानवता विरोधी समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई से हिचकना भी आतंकवाद को बढ़ावा देना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि आतंकवाद वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए बहुत गंभीर खतरा है और आतंकवादियों और उनके मानवता विरोधी समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई से हिचकना भी आतंकवाद को बढ़ावा देना है। भारत की यात्रा पर आए अर्जेन्टीना के राष्ट्रपति मॉरिसियो मैक्री के साथ चर्चा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “पुलवामा में हुआ क्रूर आतंकवादी हमला यह दिखाता है कि अब बातों का समय निकल चुका है। अब सारी दुनिया को आतंकवाद और उसके समर्थकों के विरुद्ध एकजुट होकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।”

उन्होंने कहा कि आतंकवादियों और उनके मानवता विरोधी समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई से हिचकना भी आतंकवाद को बढ़ावा देना है। मोदी ने कहा कि वह और राष्ट्रपति मैक्री इस बात पर सहमत हैं कि आतंकवाद वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए बहुत गंभीर खतरा है। दोनों देशों ने सूचना प्रौद्योगिकी, संचार प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा और कृषि समेत अन्य क्षेत्रों में सहयोग को गहरा बनाने के लिये 10 सहमति पत्र को अंतिम रूप भी दिया।

modi

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति मैक्री के साथ उनकी यह पांचवी मुलाकात दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों की तेज़ रफ्तार और बढ़ते महत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने यह साबित कर दिया है कि उनके बीच 15,000 किलोमीटर की दूरी एक संख्या मात्र है। मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति मैक्री की यह यात्रा विशेष वर्ष में हो रही है। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों की स्थापना का यह 70वां वर्ष है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “दोनों देशों ने अपने साझा मूल्यों और हितों को देखते हुए और शांति, स्थिरता, आर्थिक प्रगति तथा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए, अपने संबंधों को सामरिक सहयोग के स्तर का बनाने का निर्णय लिया है। मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग के क्षेत्र में हमारा सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

आपके दिलों के साथ-साथ मेरे दिल में भी आग दहक रही है : PM मोदी

उन्होंने कहा कि रक्षा सहयोग के संबंध में आज जिस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए हैं, वह रक्षा क्षेत्र में हमारे सहयोग को एक नया स्वरुप देगा। प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत और अर्जेंटीना कई मायनों में एक दूसरे के पूरक हैं। हमारा यह प्रयास है कि आपसी हित के लिए इनका पूरा लाभ उठाया जाए।”

Mauricio-Macri_modi

उन्होंने कहा कि आज दोनों देशों ने अपने वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ाने के लिए विशिष्ट तरीकों की पहचान की है। उन्हें ख़ुशी है कि राष्ट्रपति मैक्री के साथ अर्जेंटीना की अनेक महत्वपूर्ण कंपनियों के प्रतिनिधि आए हैं। इससे पहले अर्जेन्टीना के राष्ट्रपति मैक्री का आज सुबह राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत किया गया । इस दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद थे।

Desk Team