पुणे में एफडीए की बड़ी कार्रवाई: 4 प्रतिष्ठानों पर छापे, प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ के साथ 4 लोग गिरफ्तार

Summary :

पुणे, 19 अगस्त (आईएएनएस)। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पुणे में बड़ी कार्रवाई की है। एफडीए की टीम ने 18 अगस्त को 4 प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। जांच के दौरान सभी जगह प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ पाए गए। इसके बाद 4 एफआईआर दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एफडीए अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुल 14,598 रुपए कीमत का प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किया गया। इसके अलावा, 3 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया और नियमों के उल्लंघन में इस्तेमाल एक वाहन भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब…

पुणे, 19 अगस्त (आईएएनएस)। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पुणे में बड़ी कार्रवाई की है। एफडीए की टीम ने 18 अगस्त को 4 प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। जांच के दौरान सभी जगह प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ पाए गए। इसके बाद 4 एफआईआर दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

एफडीए अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुल 14,598 रुपए कीमत का प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किया गया। इसके अलावा, 3 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया और नियमों के उल्लंघन में इस्तेमाल एक वाहन भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई जा रही है।

यह कार्रवाई अन्न सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ विशेष अभियान के तहत की गई। एफडीए का मकसद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षा और सही लेबलिंग सुनिश्चित करना है। अधिकारी लगातार बाजार, गोदाम, फैक्ट्री और होटल-रेस्टोरेंट की जांच कर रहे हैं।

एफडीए ने पुणे के म्हालुंगे स्थित मेसर्स इंडो एलाइड प्रोटीन फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की भी जांच की। यह कंपनी चाकण रोड, म्हालुंगे, तहसील खेड में स्थित है। जांच के दौरान यहां कुछ खाद्य पदार्थ घटिया गुणवत्ता वाले और गलत लेबलिंग वाले पाए गए। कंपनी के स्टॉक को तुरंत जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए सामान में खिचड़ी मसाला (करीब 5,098 किलो, कीमत लगभग 5.09 लाख रुपए) और डीफैटेड टोस्टेड सोया ग्रिट्स (करीब 5.598 किलो, कीमत लगभग 4.47 लाख रुपए) शामिल हैं।

इन दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

18 अगस्त को प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के साथ-साथ दूध, दुग्धजन्य पदार्थ, मसाले और गुड़ को लेकर भी विशेष कार्रवाई की गई। पुणे में 2 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर 14,546 किलो माल जब्त किया गया। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 13.87 लाख रुपए है।

एफडीए अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावट और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की सप्लाई रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

पुणे में होटल, रेस्तरां और ढाबों समेत कुल 9 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें से 6 प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई, लेबलिंग और लाइसेंस संबंधी खामियों के चलते सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को तय समय में कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।

एफडीए ने सभी खाद्य व्यवसायियों से अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता और लेबलिंग के नियमों का सख्ती से पालन करें।

–आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.