Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस बार लोकसभा चुनाव 2024 में दो सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। पहली सीट केरल की वायनाड और दूसरी उत्तर प्रदेश की रायबरेली है। इन दोनों ही सीटों से चुनाव जीतने के बाद राहुल गांधी पहली बार वायनाड का दौरा करने वाले हैं। राहुल गांधी मंगलवार (11 जून) को अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ रायबरेली गए थे। चुनाव जीतने के बाद राहुल गांधी का अपने परिवार के साथ रायबरेली का पहला दौरा था। ऐसे में बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता रायबेरली में मौजूद थे। रायबरेली से राहुल गांधी के सांसद चुने जाने से पहले सोनिया गांधी इस सीट से प्रतिनिधित्व करती थीं।
आज वायनाड जाएंगे राहुल गांधी
रायबरेली के बाद राहुल गांधी केरल के वायनाड में आज यानि बुधवार (12 जून) को जाएंगे। राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से 2019 के चुनाव में भी सांसद चुने गए थे। इस बार भी वायनाड की जनता ने कांग्रेस नेता को भारी मतों से जिताया है। ऐसे में ये भी चर्चा तेज हो गई है कि वायनाड और रायबरेली में से राहुल गांधी कौन सी सीट अपने पास रखेंगे?
रायबरेली में राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार यानि (11 जून) को रायबरेली में धन्यवाद यात्रा को संबोधित करते हुए कहा, “मैं अपने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करता हूं कि आपने इतनी मेहनत की और इसी के कारण कांग्रेस पार्टी की जीत हुई। कांग्रेस पार्टी रायबरेली, अमेठी, उत्तर प्रदेश और पूरे देश में एक होकर लड़ी। मैं समाजवादी पार्टी से कहना चाहता हूं कि उनके और हमारे कार्यकर्ता ने मिलकर लड़ाई लड़ी। पहली बार मैंने देखा कि INDIA गठबंधन के हर पार्टी के कार्यकर्ता एक साथ हैं, पहले गठबंधन होता था लेकिन शिकायते आती थी लेकिन इस बार सब एक होकर लड़े हैं… तमिलनाडू, राजस्थान, मणिपुर, तेलंगाना आदि सब एक हो गए… इसका कारण यह है कि सबको समझ आ गया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं…”
राहुल गांधी किस सीट से रहेंगे सांसद?
कानून और संविधान के प्रावधानों के अनुसार, राहुल गांधी को हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में जीती गई दो सीटों में से एक से इस्तीफा देना होगा. पूर्व लोकसभा महासचिव और संविधान विशेषज्ञ पीडीटी अचारी ने बताया कि दो सीटों से जीतने वाले किसी भी उम्मीदवार को चुनाव परिणाम के 14 दिनों के अंदर एक सीट छोड़नी होती है।
लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन
बता दें कि नई लोकसभा में कांग्रेस के सांसदों की संख्या 99 है। ऐसे में एक सीट छोड़ने के बाद रायबरेली या वायनाड सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। 2014 के के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। 2019 के चुनाव में कांग्रेस को 52 सीटें मिली थीं। वहीं, 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सिर्फ 44 सीटों पर ही सिमट गई थी।


Download Android App
Download iOS App



