कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गलवान घाटी में शहीद हुए 20 जवानों के सम्मान में कांग्रेस की ओर से ‘शहीदों को सलाम दिवस’ मनाए जाने के मौके पर एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘हिंदुस्तान के वीर शहीदों को मेरा नमन। पूरा देश एक होकर सेना और सरकार के साथ खड़ा है।’’
प्रधानमंत्री जी,
देश आपसे सच सुनना चाहता है।#SpeakUpForOurJawans pic.twitter.com/tY9dvsqp4N
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 26, 2020
कांग्रेस नेता ने लद्दाख में चीनी सैनिकों की घुसपैठ को लेकर शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बारे में सच बोलें और अपनी जमीन वापस लेने के लिए कार्रवाई करें तो पूरा देश उनके साथ खड़ा होगा। उन्होंने यह दावा भी किया कि अगर प्रधानमंत्री कहेंगे कि हमारी जमीन नहीं छीनी गई और जमीन छीनी गई होगी, तो इससे चीन को फायदा होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘एक जरूरी सवाल उठता है। कुछ दिन पहले हमारे प्रधानमंत्री ने कहा कि हिंदुस्तान की एक इंच जमीन किसी ने नहीं ली, कोई हिंदुस्तान के भीतर नहीं आया। उपग्रह से ली गई तस्वीरों से पता चल रहा है, लद्दाख के लोग कह रहे हैं और सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी कह रहे हैं कि चीन ने तीन जगह हमारी जमीन छीनी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, आपको सच बोलना ही पड़ेगा, देश को बताना पड़ेगा। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। अगर आप कहेंगे कि जमीन नहीं गई है, लेकिन जमीन गई होगी तो चीन को इससे फायदा होगा। हमें मिलकर इनसे लड़ना है। इन्हें उठाकर वापस फेंकना है, निकालना है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आप बोलिए कि चीन ने हमारी जमीन ली है और हम कार्रवाई करने जा रहे हैं। पूरा देश आपके साथ खड़ा है।’’ उन्होंने फिर से यह सवाल दोहराया कि हमारे जवानों को हिंसक झड़प वाली रात बिना हथियार के किसने भेजा और क्यों भेजा?


Download Android App
Download iOS App



