एजेंसियों के जरिए लोगों को चुनिंदा ढंग से निशाना बना रही है सरकार : राहुल गांधी

Summary :

राहुल ने मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार जांच एजेंसियों और सत्तापक्ष के साथ मिले हुए मीडिया का इस्तेमाल करके विपक्ष के लोगों को चुनिंदा ढंग से निशाना बना रही है।  

कर्नाटक के पूर्व मंत्री डी के शिवकुमार की प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार जांच एजेंसियों और सत्तापक्ष के साथ मिले हुए मीडिया का इस्तेमाल करके विपक्ष के लोगों को चुनिंदा ढंग से निशाना बना रही है। 

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘डी के शिवकुमार की गिरफ्तारी ईडी/सीबीआई एवं सत्तापक्ष के प्रभाव वाले मीडिया का इस्तेमाल करके सरकार की ओर से जा रही प्रतिशोध की राजनीति का एक और उदाहरण है।’’ गौरतलब है कि धनशोधन के आरोप में मंगलवार की रात शिवकुमार को गिरफ्तार किया गया। 

शिवकुमार को आज दिल्ली की एक अदालत ME पेश किया गया। प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन के एक मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था। मंगलवार की रात गिरफ्तार किए गए शिवकुमार को विशेष न्यायाधीश अजय कुमार कुहाड़ के समक्ष पेश किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चिकित्सीय जांच के बाद 57 वर्षीय कांग्रेस नेता को अदालत लाया गया। 
वरिष्ठ अधिवक्ता- अभिषेक मनु सिंघवी और दायन कृष्णन अदालत में शिवकुमार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कनकपुरा सीट से मौजूदा विधायक शिवकुमार मंगलवार को चौथी बार पूछताछ के लिए ईडी के समक्ष यहां उसके मुख्यालय में पेश हुए थे। कई घंटों की पूछताछ के बाद शिवकुमार को धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। ईडी ने शिवकुमार, नयी दिल्ली में कर्नाटक भवन के कर्मचारी हनुमनथैया और अन्य के खिलाफ पिछले साल सितंबर में धनशोधन का मामला दर्ज किया था। 

Desk Team