रायपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा और बिलासपुर एयरपोर्ट के उन्नयन की मांग को लेकर सांसद ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से की मुलाकात

Summary :

नई दिल्ली/रायपुर, 13 अगस्त (आईएएनएस)। रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं और विमानन अधोसंरचना के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने तथा बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए 300 करोड़ रुपए के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपा। अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन के क्षेत्र…

नई दिल्ली/रायपुर, 13 अगस्त (आईएएनएस)। रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं और विमानन अधोसंरचना के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

इस दौरान उन्होंने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने तथा बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए 300 करोड़ रुपए के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपा।

अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में राज्य में मजबूत और बेहतर हवाई कनेक्टिविटी समय की आवश्यकता है। रायपुर का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि ओडिशा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण हवाई केंद्र है। वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए यात्रियों को दिल्ली, मुंबई या हैदराबाद जैसे शहरों के माध्यम से जाना पड़ता है, जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ते हैं।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर को शीघ्र अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा रायपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की प्रक्रिया को गति दी जाए। सांसद ने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ की देश और दुनिया से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा व्यापार, उद्योग, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन का विषय भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने एयरपोर्ट को 3सी से 4सी श्रेणी में उन्नत करने के लिए 300 करोड़ रुपए के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की। उन्होंने बताया कि यह एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ के 14 जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के 3 समीपवर्ती जिलों के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण हवाई सुविधा का केंद्र है।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित राशि से एयरपोर्ट के रनवे को वर्तमान 1,500 मीटर से बढ़ाकर 2,885 मीटर किया जाना है। इसके साथ ही नए एटीसी टावर और आधुनिक यात्री टर्मिनल का निर्माण भी प्रस्तावित है। इन सुविधाओं के विकसित होने से बड़े विमानों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी और बिलासपुर क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।

अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री से दोनों प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हवाई अधोसंरचना का विस्तार केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के समग्र आर्थिक विकास और नए निवेश के लिए भी महत्वपूर्ण आधार तैयार करेगा।

सांसद ने कहा कि रायपुर को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ना और बिलासपुर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।

–आईएएनएस

डीकेपी/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.