नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना की महिला अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने लड़ाकू विमान संचालन और हवाई युद्धक रणनीति के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वह टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (टीएसीडीई), ग्वालियर से फाइटर कॉम्बैट लीडर (एफसीएल) योग्यता हासिल करने वाली भारतीय वायुसेना की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।
इसके साथ ही उन्होंने उन्होंने इतिहास रच दिया है। गुरुवार को भारतीय वायुसेना सेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह (एपी सिंह) ने भावना कंठ को सराहा। वायुसेना प्रमुख ने भावना कंठ से मुलाकात की और उन्हें उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
गौरतलब है कि यह उपलब्धि भारतीय वायुसेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। उन्हें उच्च स्तर की परिचालन तथा नेतृत्व संबंधी जिम्मेदारियों के लिए तैयार किए जाने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। फाइटर कॉम्बैट लीडर की योग्यता हासिल करना लड़ाकू विमान उड़ाने वाले अधिकारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण पेशेवर उपलब्धि है। इसके लिए अधिकारियों को हवाई युद्ध, युद्धक रणनीति, मिशन की योजना, हवाई अभियानों के दौरान निर्णय लेने और बदलती परिस्थितियों में प्रभावी नेतृत्व जैसी क्षमताओं का प्रदर्शन करना होता है।
स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ ने इस कठिन प्रशिक्षण और मूल्यांकन प्रक्रिया में अपनी पेशेवर दक्षता, युद्धक समझ और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।टीएसीडीई भारतीय वायुसेना का एक महत्वपूर्ण संस्थान है। यहां लड़ाकू विमानों से जुड़े अधिकारियों को हवाई युद्ध की उन्नत रणनीति और युद्धक परिस्थितियों में प्रभावी संचालन के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
भावना कंठ की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह इस प्रतिष्ठित योग्यता को हासिल करने वाली भारतीय वायुसेना की पहली महिला अधिकारी हैं। यह उपलब्धि दिखाती है कि भारतीय वायुसेना में महिला अधिकारी अब केवल उड़ान और परिचालन भूमिकाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उच्च स्तरीय युद्धक प्रशिक्षण और नेतृत्व की भूमिकाओं में भी अपनी क्षमता साबित कर रही हैं।
भारतीय वायुसेना में इस उपलब्धि को पेशेवर उत्कृष्टता, युद्धक कौशल और आकाश में नेतृत्व क्षमता का प्रतीक माना जा रहा है। स्क्वाड्रन लीडर भावना कंठ भारतीय वायुसेना की उन महिला अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने लड़ाकू विमानन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
वह उन पहली महिला लड़ाकू पायलटों में शामिल रही हैं जिन्हें भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान संचालन में शामिल किया गया था। अब फाइटर कॉम्बैट लीडर की योग्यता हासिल कर उन्होंने अपने परिचालन करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी है।
दरअसल, भारतीय वायुसेना लगातार महिला अधिकारियों को अधिक चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण परिचालन भूमिकाओं में अवसर दे रही है। लड़ाकू विमानन से लेकर वायु रक्षा, परिवहन विमानन, हेलीकॉप्टर संचालन और अन्य परिचालन क्षेत्रों में महिला अधिकारियों की भागीदारी बढ़ी है। भावना कंठ की उपलब्धि इसी बदलाव को रेखांकित करती है। यह केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि भारतीय वायुसेना में महिलाओं के लिए उच्च स्तरीय युद्धक और नेतृत्वकारी भूमिकाओं के बढ़ते अवसरों का भी संकेत है।
भारतीय वायुसेना की महिला अधिकारी अब केवल उड़ान नहीं भर रहीं, बल्कि हवाई युद्ध की रणनीति और नेतृत्व की अगली पंक्ति में भी अपनी जगह बना रही हैं।
–आईएएनएस
जीसीबी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



