केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 18 साल से अधिक आयु के सभी नागरिक कोविड-19 रोधी टीका लगवाने के लिए बुधवार को शाम चार बजे से कोविन पोर्टल या आरोग्य सेतु ऐप के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं। सरकार एक मई से टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण शुरू करने के लिए तैयार है।
मंत्रालय ने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 रोधी टीका लगवाने के लिए नये, योग्य श्रेणी के लोग आज शाम चार बजे से कोविन पोर्टल और आरोग्य सेतु ऐप पर पंजीकरण करा सकते हैं।’’ अधिकारियों ने बताया कि पंजीकरण कराने के लिए 18 से 44 साल तक की आयु के लोगों के लिए कोविड-19 टीका लगवाने का समय लेना अनिवार्य होगा क्योंकि शुरुआत में सीधे आकर टीका लगवाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि 45 साल से अधिक आयु के लोग अब भी मौके पर पंजीकरण कराकर टीका लगवा सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस के मामले बेतहाशा बढ़ने पर 18 साल से अधिक आयु के लोगों को भी एक मई से टीका लगाने का फैसला लिया गया है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी के लिए टीकाकरण शुरू होने के बाद मांग बढ़ने की उम्मीद है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 18 से 45 वर्ष की आयु के बीच के लोगों के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण कराना और टीका लगवाने के लिए समय लेना अनिवार्य होगा। शुरुआत में सीधे आकर टीका लगवाने की मंजूरी नहीं दी जाएगी।’’ मंत्रालय ने कहा, ‘‘18-44 आयु वर्ग के नागरिकों का 28 अप्रैल के बाद से कोविन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा।’’
साथ ही एक मई से नागरिकों के लिए कोरोना वायरस रोधी टीकों के प्रकार और उनकी कीमतें कोविन पोर्टल पर दिखाई जाएंगी। 18 से 44 वर्ष की आयु के लोग किसी भी निजी कोविड टीकाकरण केंद्र (सीवीसी) से पैसे देकर टीका लगवा सकेंगे, 45 साल से कम आयु के नागरिक राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में किसी भी सरकारी सीवीसी से टीका लगवा सकेंगे।


Download Android App
Download iOS App



