चीन के साथ संबंध देश की सुरक्षा से ऊपर नहीं: कांग्रेस विधायक भाई जगताप

Summary :

चीन के साथ व्यापार ठीक, लेकिन सुरक्षा सर्वोपरि: भाई जगताप

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के पड़ोसी मुल्क चीन पर दिए बयान के बाद सियासत तेज हो गई है। सोमवार को महाराष्ट्र कांग्रेस के विधायक भाई जगताप ने कहा कि चीन के साथ हमारे अच्छे संबंध देश की सुरक्षा की कीमत पर नहीं होने चाहिए। कांग्रेस विधायक भाई जगताप ने कहा, “हमारे प्रधानमंत्री मोदी के चीन के राष्ट्रपति के साथ बहुत अच्छे संबंध थे। सबको याद होगा, पीएम मोदी ने चीन के राष्ट्रपति को गुजरात में झूले पर बिठाया था। जहां तक हमारे विदेश मंत्रालय की बात है तो चीन के साथ हमारा बड़े पैमाने पर व्यापार है। लेकिन, इसी समय मैं यह बात कहना चाहता हूं कि चीन के साथ हमारे अच्छे संबंध देश की सुरक्षा की कीमत पर नहीं होने चाहिए।

उन्होंने आगे कहा, “हमने गलवान में 22 जवान खोए, उस दौरान पीएम मोदी ने क्या स्टेटमेंट दिया, वो सभी जानते हैं। केंद्र सरकार की तरफ से आधिकारिक रूप से बताया गया कि चीन हमारे अरुणाचल प्रदेश में घुस चुका है और करीब एक गांव बसा चुका है। अगर चीन के साथ दोस्ती का ये नतीजा है तो सरकार को देश के जवानों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा था कि “चीन से खतरे को अक्सर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है। अब समय आ गया है कि हम पड़ोसी देश को पहचानें और उसका सम्मान करें।

अमेरिका की तरफ से भारत में वोटिंग प्रतिशत को बढ़ाने के लिए दी जाने वाली 1.82 अरब रुपए की आर्थिक मदद पर रोक लगाने को लेकर भाई जगताप ने कहा, “हमारा देश लोकतांत्रिक है। हमने अंग्रेजों के साथ 150 साल लड़कर आजादी पाई है। हमारे देश में संविधान सर्वोपरि है। दुर्भाग्य से आज जिस ढंग से हमारे संविधान को कुचला जा रहा है, वहीं चार-पांच महीनों में वोटरों की संख्या इतनी ज्यादा कैसे बढ़ गई, इसका सवाल हम अभी भी पूछ रहे हैं। लेकिन जवाब निर्वाचन आयोग नहीं दे रहा है। ऐसे में अब चुनाव जैसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल पैदा होता है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.