ग्वालियर : प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि यूनीपेच फैक्ट्री से सिंधिया प्रतिमा तक की सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू किया जायेगा। इस सड़क के बन जाने से लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधायें मुहैया होंगीं। श्रीमती माया सिंह ने यह बात वार्ड -19 में विभिन्न विकास कार्यों के भूमि पूजन एवं लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति राकेश माहौर, वार्ड–19 के पार्षद श्री बलवीर सिंह, वार्ड-18 के पार्षद श्री जबर सिंह, मण्डल अध्यक्ष श्री रामप्रकाश परमार सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित थे। नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि विकास निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।
प्रदेश सरकार विकास के लिये कटिबद्ध है। आम आदमी को मूलभूत सुविधायें समय पर उपलब्ध हों, इसके लिये सरकार हर संभव कार्य कर रही है। ग्वालियर के चहुंमुखी विकास के लिये केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण योजनायें मंजूर की हैं। इन योजनाओं का क्रियान्वयन भी प्रारंभ हो गया है। आने वाले दिनों में ग्वालियर की तकदीर और तस्वीर बदली-बदली नजर आयेगी।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अनेक शहरों में कचरे से बिजली, खाद और सीमेंट बनाने का कार्य प्रारंभ किया गया है। ग्वालियर में भी कचरे से बिजली बनाने का संयंत्र शीघ्र ही प्रारंभ होगा। इसके साथ ही घर-घर से कचरा कलेक्शन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में अमृत परियोजना के तहत सीवर और पानी की लाईनें डालने का कार्य भी प्रारंभ हो गया है।
इसके साथ ही स्मार्ट सिटी परियोजना के तहतभी ग्वालियर के चहुंमुखी विकास का कार्य तेजी से किया जा रहा है। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में ग्वालियर को अव्वल लाने के लिये केवल शासकीय प्रयास ही काफी नहीं है। इसमें जन-जन की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम के प्रारंभ में निगम सभापति श्रीराकेश माहौर ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में जानकारी दी।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यह क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



