प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की 6 दिवसीय यात्रा पर आये अपने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के साथ आज यहां कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे और यहां हवाई अड्डे से महात्मा गांधी के ऐतिहासिक साबरमती आश्रम तक करीब 8 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे।मोदी सुबह लगभग 10:30 बजे नेतन्याहू की सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अगवानी करेंगे जिसके बाद दोनो नेता खुली जीप में करीब 40 मिनट में साबरमती आश्रम तक रोड शो करते हुए जायेंगे। इस दौरान नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा के स्वागत के लिए हवाई अड्डा समेत कई स्थानों पर भारतीय संस्कृति और कला तथा भारत और इजरायल की दोस्ती की झांकी प्रस्तुत करने वाले मंच भी बने रहेंगे।
यह रोड शो एयरपोर्ट सर्किल, शाहीबाग, सुभाष ब्रिज आरटीओ होते हुए साबरमती आश्रम पहुंचेगा। इससे पहले गत 13 सितंबर को मोदी ने बुलेट ट्रेन परियोजना के काम का उद्घाटन करने आये जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ भी हवाई अड्डे से साबरमती आश्रम तक संयुक्त रोड शो किया था। साबरमती आश्रम में मोदी और नेतन्याहू महात्मा गांधी का श्रद्धांजलि देंगे और कुछ समय गुजारेंगे। दोनो नेता बाद में दोपहर करीब 12:30 बजे देव धोलेरा गांव के निकट स्थापित स्टार्ट अप उद्यमियों को प्रशिक्षित करने तथा नवाचार यानी इनोवेशन को बढ़वा देने वाली आइ-क्रियेट संस्था का औपचारिक उद्घाटन करेंगे फिर एक स्टार्ट अप प्रदर्शनी में भाग लेंगे। दोनो स्टार्ट अप के सीईओ तथा नवाचार करने वालों से मिलेंगे।
वे वीडियो लिंक के जरिये बनासकांठा के सुईगाम तालुका को पानी का खारापन मिटाने वाले एक सचल वैन भी समर्पित करेंगे। दोनो संबोधन भी करेंगे। इसके बाद दोनो प्रधानमंत्री दोपहर बाद लगभग 3:30 बजे साबरकांठा जिले के वरदाड में सब्जियों के उत्पादन को बढ़वा देने वाले कृषि उत्कृष्टता केंद्र का भी दौरा करेंगे। वहीं से वे वीडियो लिंक के जरिये कच्छ जिले के कुकमा में खजूर उत्पादन संबंधी ऐसे ही उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन करेंगे। शाम करीब 5 बजे नेतन्याहू मुंबई रवाना हो जायेंगे।
गत 14 जनवरी को नेतन्याहू के साथ उनकी पत्नी सारा और 130 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल के साथ नयी दिल्ली पहुंचा था। उनकी यह भारत यात्रा मोदी की इजरायल यात्रा के महज6 महीने बाद हो रही है हालांकि किसी इजरायली प्रधानमंत्री का यह 15 साल के लंबे अंतराल के बाद हो रहा भारत दौरा है। इससे पहले इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री ऐरियल शेरोन 2003 में भारत आए थे। वह 19 जनवरी को स्वदेश लौट जांएगे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



