केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार को देश छोड़ने से रोकने के लिए उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। एजेंसी ने शारदा चिटफंड घोटाले के सिलसिले में राजीव कुमार से हिरासत में पूछताछ की अनुमति मांगी है।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि सीबीआई ने राजीव कुमार को देश छोड़ने से रोकने के लिए और उनके किसी भी संभावित कदम के बारे में एजेंसी को सूचित करने के लिए इस सप्ताह सभी हवाईअड्डों और आव्रजन अधिकारियों को सतर्क किया है। एजेंसी 2500 करोड़ रुपये के शारदा पोंजी घोटाले में 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कुमार से हिरासत में पूछताछ करना चाहती है।

वह इस मामले की जांच सीबीआई के संभालने से पहले पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष जांच दल की अगुवाई कर रहे थे। सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट से कहा था कि राजीव कुमार से हिरासत में पूछताछ जरूरी है क्योंकि वह जांच में सहयोग नहीं कर रहे और वह एजेंसी द्वारा उनसे पूछताछ में रखे गये सवालों पर टालमटोल तथा अड़ियल रवैया अपना रहे हैं।
सीबीआई की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा था कि राजीव कुमार एसआईटी की जांच के प्रभारी थे और उन्होंने आरोपियों से जब्त मोबाइल फोन तथा लैपटॉप को जब्ती मुक्त करने की अनुमति दी थी जिनमें घोटाले में राजनीतिक पदाधिकारियों की कथित संलिप्तता का महत्वपूर्ण रिकॉर्ड था।


Download Android App
Download iOS App



