स्मृति ने महाराजा वाली टिप्पणी के लिए थरूर पर साधा निशाना, कहा- क्या सभी ने ब्रिटिश के सामने घुटने टेके थे?

Summary :

NULL

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘पद्मावती’ को लेकर जारी विवाद पर कांग्रेस नेता शशि थरूर की महाराजा वाली टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा है। थरूर ने गुरूवार को कथित तौर पर कहा था कथित शूरवीर महाराजा उस वक्त कहां थे जब ब्रिटेन ने उनके सम्मान को रौंद डाला था और अब वे एक फिल्मकार के पीछे पड़े हुये हैं और दावा कर रहे हैं कि उनका सम्मान दांव पर लग गया है।

थरूर की टिप्पणी पर ट्वीट करते हुये स्मृति ने कल कहा, क्या सभी महाराजाओं ने ब्रिटिश के आगे घुटने टेक दिये थे ? शशि थरूर की टिप्पणियों पर ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्गी राजा (दिग्विजय सिंह) और अमरिंदर सिंह क्या कहेंगे ? कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह और अमरिंदर सिंह सभी राज घरानों से ताल्लुक रखते हैं।

हालांकि, थरूर ने गुरूवार को ट्वीट कर कहा था, मैं इससे निराश हूं कि भाजपा के कुछ समर्थक दावा कर रहे हैं कि मैंने राजपूत सम्मान पर हमला किया। मैं उन महाराजाओं के बारे में बोल रहा हूं जिन्होंने ब्रिटिश के साथ समझौता किया। मैंने अपने जीवन में कभी भी कोई सांप्रदायिक टिप्पणी नहीं की है।

राजपूत समुदाय की विशेष चिंताओं पर उन्होंने कहा कि भारत की विविधता और सद्भाव के हित में लोगों की भावनाओं का जरूर सम्मान किया जाना चाहिए। थरूर ने कहा, राजपूतों का शौर्य हमारे इतिहास का हिस्सा है और इस पर सवाल नहीं किया जा सकता। भाजपा और उसके द्वारा लगाई जाने वाली रोक टोक में इन चिंताओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती में कथित तौर पर ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ को लेकर कुछ संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं।

Desk Team