सुनील जाखड़ का ‘आप’ पर तीखा हमला, बोले- ‘क्लीन चिट’ से नहीं छिपेगा असली चेहरा

Summary :

चंडीगढ़, 31 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दलित महिला से मारपीट और छेड़छाड़ के 13 साल पुराने मामले में विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा को भले ही ‘समझौते’ के तहत राहत मिल गई हो, लेकिन इस मामले ने पार्टी का असली चेहरा उजागर कर दिया है। सुनील जाखड़ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि आम आदमी पार्टी से विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा को भले ही ‘समझौते’ के तहत बरी कर दिया गया हो, लेकिन पीड़ित द्वारा लड़ी गई लंबी लड़ाई ने जनता के सामने…

चंडीगढ़, 31 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दलित महिला से मारपीट और छेड़छाड़ के 13 साल पुराने मामले में विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा को भले ही ‘समझौते’ के तहत राहत मिल गई हो, लेकिन इस मामले ने पार्टी का असली चेहरा उजागर कर दिया है।

सुनील जाखड़ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि आम आदमी पार्टी से विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा को भले ही ‘समझौते’ के तहत बरी कर दिया गया हो, लेकिन पीड़ित द्वारा लड़ी गई लंबी लड़ाई ने जनता के सामने आम आदमी पार्टी का असली और बदसूरत चेहरा बेनकाब कर दिया है।

उन्होंने कहा, “जब 2013 में यह घटना हुई थी, तो मैंने विपक्ष के नेता के तौर पर विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था और सरकार के कड़े विरोध के बावजूद पीड़ित को विधानसभा में लेकर आया था। इससे सदन में भारी हंगामा हुआ और न्याय की इस लड़ाई में मेरी विधानसभा सदस्यता रद्द करने के लिए एक विशेषाधिकार समिति का गठन भी किया गया था।”

सुनील जाखड़ ने तंज करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार से ऐसी ‘क्लीन चिट’ लेकर घूमने वाले विधायकों और मंत्रियों की सूची में अब एक और नाम जुड़ गया है। लेकिन क्या ये लोग खुद को नैतिक रूप से पाक-साफ कह सकते हैं, जबकि पीड़ित के साथ सरेआम अन्याय और मारपीट की गई थी? चाहे भ्रष्टाचार का मामला हो या आप नेताओं के चरित्र का, ऐसे मामले उनकी शर्मनाक असलियत को उजागर कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, “हर कोई जानता है कि न्याय की चक्की धीमी चलती है, लेकिन वह बारीक पीसती है। इस घटना को हुए काफी समय बीत चुका है, फिर भी मुझे इस बात से संतोष है कि मैं उस समय पीड़ितों, गरीबों और दबे-कुचलों के साथ खड़ा था और आज भी न्याय के लिए मेरा संघर्ष उसी समर्पण के साथ जारी है।”

–आईएएनएस

पीआईएम/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.