जावड़ेकर बोले-भारत में प्रेस स्वतंत्रता की बुरी तस्वीर पेश करने वाले सर्वेक्षणों का करेंगे भंडाफोड़

Summary :

इंडिपेंडेंट जर्नलिज्म की पैरवी करने वाले संगठन ‘Reporters Without Borders’ के इस साल जारी हुए वार्षिक विश्लेषण में वैश्विक प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत दो पायदान लुढ़क गया है और इसे 180 देशों में से 142वां स्थान मिला है।

सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को कहा कि भारत में प्रेस को पूरी स्वतंत्रता है और उन सर्वेक्षणों का भंडाफोड़ किया जाएगा जिनमें देश की “फ्रीडम ऑफ प्रेस” के बारे में खराब छवि पेश करने की कोशिश की गई है। विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जावड़ेकर ने यह बात कही।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मीडिया में बहुत ताकत होती है लोगों को जानकारी देने की और प्रबोधन करने की। भारत में सबसे अच्छी मीडिया फ्रीडम है। अनेक सर्वे ने भारत को निचा दिखाने की कोशिश की इसका जल्दी पर्दाफाश करेंगे।
बता दें कि इंडिपेंडेंट जर्नलिज्म की पैरवी करने वाले संगठन ‘Reporters Without Borders’ के इस साल जारी हुए वार्षिक विश्लेषण में वैश्विक प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत दो पायदान लुढ़क गया है और इसे 180 देशों में से 142वां स्थान मिला है। 


कांग्रेस ने विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर अपने संदेश में आरोप लगाया कि बीजेपी लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को ‘‘नष्ट करने पर आमादा है।’’ विपक्षी दल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘‘विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत दो पायदान लुढ़ककर 142वें स्थान पर पहुंचा। 

जब हम विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाएं तो हमें याद रखना चाहिए कि बीजेपी लोकतंत्र के इस चौथे स्तंभ को नष्ट करने पर आमादा है और हमें ऐसा नहीं होने देना चाहिए।’’ इसने कहा, ‘‘हम सभी पत्रकारों से कहना चाहेंगे कि डरो मत।’’ 
वहीं, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि प्रेस भारत के लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और अभिमत को आकार देकर तथा जागरूकता पैदा कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘इस विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर मैं कोविड-19 के विभिन्न पहलुओं के बारे में अपनी जान जोखिम में डालकर जनता को जागरूक बना रहे हमारे मीडियाकर्मियों को नमन करता हूं।’’

Desk Team