Himachal के Naina Devi में 10 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का धूमधाम से समापन

Summary :

नैना देवी में महाशिवरात्रि महोत्सव का धूमधाम से समापन

हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी में दस दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव में गुरुवार को मंत्रोच्चार के साथ पूर्णाहुति के बाद धूमधाम से उसका समापन हो गया। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी मंदिर के प्राचीन हवन कुंड में पूर्णाहुति डाली।

गुरुवार को समापन के मौके पर भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें आचार्य पंकज और उनकी टीम ने भोले-शंकर के भजन गाकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महाशिवरात्रि महोत्सव के संयोजक पुजारी चंडी शर्मा और आनंद गोपाल ने बताया कि इस बार भी महाशिवरात्रि महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। विश्व के कल्याण और भाईचारे को बनाए रखने के उद्देश्य से यह आयोजन हर वर्ष किया जाता है।

मंदिर के अधिकारी विपिन ठाकुर ने बताया कि यह महाशिवरात्रि महोत्सव कई वर्षों से मंदिर न्यास और पुजारी वर्ग के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जाता है। इस बार भी मंदिर न्यास ने आयोजन के लिए पुजारी वर्ग की हरसंभव सहायता की है, जिसके फलस्वरूप संपूर्ण श्री नैना देवी क्षेत्र 10 दिन तक धार्मिक रंग में रंगा रहा।

उन्होंने कहा कि समय-समय पर मंदिर न्यास इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान आयोजित करता रहता है, ताकि आपसी भाईचारा बना रहे और श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूर्ण हो।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.