देश में तमाम पाबंदियों और टीकाकरण के बावजूद कोरोना वायरस के मामलों में इजाफ़ा जारी है। पिछले 24 घंटे में देश में महामारी के 39,726 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद अब देश में कोरोना से संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1 करोड़ 15 लाख 14 हजार 331 तक पहुंच गया है। वहीं कोरोना वायरस के 2 लाख 71 हजार 282 ऐक्टिव केस हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 39,726 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,15,14,331 हो गयी है, वहीं 154 और लोगों की संक्रमण से मौत होने से मृतक का आंकड़ा 1,59,370 तक पहुंच गया।
दुनियाभर में कोरोना मामलों का आंकड़ा 12.17 करोड़ के पार, अमेरिका बना सबसे प्रभावित देश
देश में अब भी 2,71,282 मरीज इलाज करा रहे हैं जो वायरस के कुल मामलों का 2.36 प्रतिशत है जबकि इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या गिरकर 96.26 प्रतिशत रह गई है। इससे पहले 29 नवंबर को 24 घंटों में संक्रमण के 41,810 नए मामले सामने आए थे।
आंकड़ों के मुताबिक इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,10,83,679 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.38 प्रतिशत हो गई है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे। इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख से पार चले गए थे।
वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक 18 मार्च तक 23,13,70,546 नमूनों की जांच की जा चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



