Chhattisgarh के Sukma में दो हार्डकोर नक्सली ढेर

Summary :

छत्तीसगढ़ के सुकमा में माओवादी मुठभेड़, दो ढेर

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के गुंडाराज गुडेम क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए सर्च अभियान के दौरान शनिवार को एक बड़ी मुठभेड़ शुरू हुई। इस मुठभेड़ में दो माओवादि‍यों के मारे जाने की खबर है। इनकी पहचान पामेड़ एरिया कमेटी की सक्रिय महिला माओवादी सोड़ी लिंगे और पुरुष माओवादी पोड़ियाम हड़मा के रूप में हुई है। दोनों 10 लाख रुपये के ईनामी हार्डकोर माओवादी थे।

मुठभेड़ में मारे गए इन नक्सलियों से एक बीजीएल लांचर, 12 बोर राइफल सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, नक्सल साहित्य और अन्य दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए गए हैं।

सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि 28 फरवरी को जिला सुकमा डीआरजी और 203 कोबरा की संयुक्त पार्टी को गुंडराजगुड़ेम क्षेत्र में शीर्ष माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद एक सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शनिवार सुबह लगभग 9 बजे, गुंडराजगुडेम के घने जंगलों में सुकमा डीआरजी टीम और सशस्त्र माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ रुक-रुक कर चलती रही और फिर माओवादी के शवों के साथ बड़ी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद हुई।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि बस्तर पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ, सीएएफ और केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवान पूरी तत्परता से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर नजर बनाए रखते हुए लोकतंत्र की रक्षा और शांति व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में नक्सल विरोधी अभियानों में और अधिक सख्ती दिखाई जाएगी और इस दिशा में हमारे प्रयास और मजबूत होंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.