भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पांच दिन पहले स्कूटी सवार युवती से छेड़छाड़ कर उसे चाकू मारने वाले तीन आरोपियों में से दो आरोपियों को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनका जुलूस भी निकाला गया, जिसमें कई युवतियों ने उन पर अपना गुस्सा निकाला।
भोपाल के पुलिस उप महानिरीक्षक धर्मेंद, चौधरी ने यहां मीडिया को बताया कि 16 अप्रैल को दो युवतियां स्कूटी से शाहजहांनाबाद से न्यू मार्केट जा रही थीं। बाणगंगा चौराहे के पास बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया और उनसे छेड़छाड़ की। जब युवतियां नहीं रुकीं तो उन पर चाकू से हमला कर दिया।
इससे एक युवती की बांह में चोट आई थी। जहांगीराबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की तो इनमें से दो युवकों की पहचान टीलाजमालपुरा निवासी मोहम्मद शाहिद और फैज के रूप में हुई। दोनों आदतन अपराधी हैं और उन पर लगभग एक-एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जिला दंडाधिकारी सुदाम खाड़ ने दोनों बदमाशों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत वारंट जारी किया था। पुलिस ने आज इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और तीसरे बदमाश की तलाश जारी है। मोहम्मद शाहिद और फैज को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनका जुलूस भी निकाला। इस दौरान कई युवतियां काफी गुस्से में नजर आई और दोनों बदमाशों पर जमकर थप्पड़ बरसाए। कुछ युवतियों ने जूते-चप्पल से उनकी पिटाई कर दी। पुलिस वालों ने बदमाशों को इन युवतियों के गुस्से से बचाया।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



