रांची, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) ने ग्रेजुएट ऑपरेशनल ट्रेनी (सीआर एंड डी) के कुल 4 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है, जिनमें यूआर के 02, ईडब्ल्यूएस के 01, और एसटी के 01 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 अप्रैल के सुबह 10.00 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 मई तय की गई है। जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार 3 वर्षीय पाठ्यक्रम के साथ बीएससी (रसायन विज्ञान)/बीएससी (रसायन विज्ञान-ऑनर्स), जिसमें भौतिकी और गणित सहायक विषय हों, न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होना आवश्यक है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा/व्यापार परीक्षा/पर्सनल इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, चिकित्सा योग्यता और चरित्र/पूर्ववृत्त सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रति माह 29,990 से 46,720 रुपए के बीच स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी मिलेंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य (यूआर), ईडब्ल्यूएस और ओबीसी (एनसीएल) के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग और महिला वर्ग तथा आंतरिक (विभागीय) यूसीआईएल उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म और मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को एप्लीकेशन फॉर्म के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























