UGC के वो 4 नियम? जिनको लेकर टीचर्स-स्टूडेंट्स और सियासी गलियों तक मचा है बवाल, समझें विस्तार से पूरा विवाद

UGC new Rules Controversy (Image- Social Media)

UGC new Rules Controversy: देशभर में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों को लेकर जबरदस्त बहस शुरू हो गई है। इतना ही नहीं, बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने भी इन नियमों के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दे दिया। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर UGC ने क्या नए नियम बनाए हैं और क्यों छात्र, शिक्षक और आम नागरिक इससे नाराज हैं। इस मामले की शुरुआत सबसे पहले सोशल मीडिया पर #UGCRolleback के ट्रेंड के साथ हुई। इसके बाद यह सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा गया, जहां इसे भेदभाव को बढ़ावा देने वाला बताया गया। आइए जानते हैं विस्तार से विवाद के पीछे की पूरी कहानी।

UGC new Rules Controversy: UGC का नया नियम क्या है?

UGC ने 13 जनवरी 2026 को एक नया नियम लागू किया है, जिसका नाम है, “Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations 2026” इस नियम का उद्देश्य देश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जातिगत भेदभाव को खत्म करना और सभी को समान अवसर देना बताया गया है।

नए नियम के तहत हर शिक्षण संस्थान में:

  • Equity Center बनाया जाएगा
  • Equity Committee का गठन होगा
  • Equity Squad बनाई जाएगी
  • 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन शुरू होगी

यदि कोई संस्थान इन नियमों का पालन नहीं करता है, तो UGC उसकी मान्यता रद्द कर सकता है या आर्थिक मदद रोक सकता है। UGC का दावा है कि साल 2020 से 2025 के बीच अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्गों से जुड़ी शिकायतों में 100 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। साथ ही रोहित वेमुला और पायल तड़वी जैसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों को ध्यान में रखकर यह नियम तैयार किया गया है।

UGC new Rules Controversy (Image- Social Media)
UGC new Rules Controversy (Image- Social Media)

UGC Controversy Update: क्यों बढ़ा विवाद?

UGC के इस नियम के कुछ हिस्सों को लेकर भारी नाराजगी सामने आ रही है। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका भी दाखिल की गई है। याचिका में कहा गया है कि नियम का Section 3(C) अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता और व्यक्तिगत आज़ादी जैसे मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है। इसके अलावा सामान्य वर्ग के छात्र और शिक्षक भी इसे एकतरफा नियम बता रहे हैं। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री का कहना है कि यह नियम सामान्य वर्ग के छात्रों को पहले से ही अपराधी मानने जैसा है। लोगों का आरोप है कि नियम में झूठी शिकायतों से बचाव का कोई ठोस प्रावधान नहीं है और सामान्य वर्ग का प्रतिनिधित्व भी पर्याप्त नहीं है।

UGC के चार सबसे विवादित बदलाव

1. Equity Committee और Equity Squad का गठन

हर कॉलेज और विश्वविद्यालय में ये समितियां बनाई जाएंगी। छात्रों का कहना है कि इनमें सामान्य वर्ग का प्रतिनिधित्व जरूरी नहीं बताया गया है। इसके अलावा Equity Squad को बहुत ज्यादा अधिकार दिए गए हैं, जबकि ‘भेदभाव’ की परिभाषा साफ नहीं की गई है।

2. 24 घंटे हेल्पलाइन और शिकायत व्यवस्था

हर संस्थान में Equal Opportunity Centre और हेल्पलाइन शुरू की जाएगी जहां छात्र भेदभाव की शिकायत कर सकेंगे। लेकिन नियम में झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ कोई सजा तय नहीं की गई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि बिना सबूत के किसी पर भी आरोप लग सकता है और उसका भविष्य खराब हो सकता है।

UGC new Rules Controversy (Image- Social Media)
UGC new Rules Controversy (Image- Social Media)

3. सिर्फ कुछ वर्गों पर विशेष ध्यान

नियम का मुख्य फोकस अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जातियों पर है। सामान्य वर्ग के छात्र और शिक्षक इसे पक्षपातपूर्ण बता रहे हैं। उनका कहना है कि यह नियम सवर्ण समाज को संभावित अपराधी मानकर नए तरह का भेदभाव पैदा कर सकता है।

4. सख्त कार्रवाई का प्रावधान

यदि कोई संस्थान नियमों का पालन नहीं करता, तो UGC उसकी मान्यता रद्द कर सकता है या फंड रोक सकता है। शिक्षकों और छात्रों का मानना है कि यह बहुत कठोर कदम है और बिना पूरी तैयारी के इसे लागू करना मुश्किल होगा।

छात्रों और शिक्षकों का विरोध

देशभर के कई छात्र संगठन और शिक्षक संघ इन नियमों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लगातार #UGCRolleback ट्रेंड कर रहा है। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट का इस्तीफा भी विरोध का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।

छात्रों का कहना है कि:

  • नियम एकतरफा है
  • झूठी शिकायतों से बचाव का इंतजाम नहीं है
  • सामान्य वर्ग के अधिकारों पर असर पड़ सकता है

UGC का क्या कहना है?

UGC का कहना है कि ये नियम उच्च शिक्षा में समान अवसर और सुरक्षित माहौल बनाने के लिए जरूरी हैं। आयोग के अनुसार, बिना निगरानी व्यवस्था के कमजोर वर्गों के साथ होने वाले भेदभाव को रोकना संभव नहीं है। UGC यह भी स्पष्ट कर चुका है कि नियमों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और इसका मकसद सिर्फ न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में हंगामा! UGC हेडक्वार्टर के बाहर छात्रों का प्रोटेस्ट, नए कानून को वापस लेने की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।