यूपी में छह चरणों में होंगी अग्निवीर भर्ती रैलियां, अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्य सचिव

Summary :

लखनऊ, 10 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के छह जिलों में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैलियों को लेकर मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सोमवार को संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि भर्ती स्थलों पर आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की…

लखनऊ, 10 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के छह जिलों में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैलियों को लेकर मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सोमवार को संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि भर्ती स्थलों पर आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की यह तीसरी रैली आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती स्थलों पर अभ्यर्थियों के आवागमन और ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था के साथ पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा की जाए और यदि कहीं कोई कमी हो तो उसे तत्काल दूर किया जाए। मुख्य सचिव ने आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में चिकित्सकीय और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्ययोजना तैयार करें और उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में छह जिलों में अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। मेरठ में 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक, बरेली में 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक, लखनऊ में 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027 तक, वाराणसी में 2 फरवरी से 27 फरवरी 2027 तक, आगरा में 4 मार्च से 24 मार्च 2027 तक तथा अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक भर्ती रैलियां आयोजित होंगी।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी जिलों में समन्वित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे भर्ती स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही यातायात संचालन भी सुचारु बना रहे।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.