देहरादून, 22 मार्च (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने यह कदम हाल ही में पांच नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद उठाया है।
विभागों के बंटवारे के बाद मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं। मुख्यमंत्री अब तक 35 से ज्यादा विभागों का दायित्व संभाल रहे थे।
उत्तराखंड शासन की तरफ से जारी सूची के अनुसार सीएम धामी ने सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता और नियुक्ति एवं जनसंपर्क जैसे प्रमुख विभाग अपने पास रखे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा करते हुए उनको उनके दायित्व सौंप दिए हैं। माना जा रहा है कि विभागों का बंटवारा होने के बाद कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा, जिससे विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी।
दरअसल, मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए विधायक खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बन्ना, और राम सिंह कैड़ा को मंत्री पद दिया है। क्योंकि मंत्रिमंडल में काफी लंबे समय से पांच पद रिक्त थे, जिसमें से दो पद पूर्व मंत्री राम दास के निधन और प्रेम चंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुए थे। खाली पदों की वजह से इन विभागों का दायित्व भी मुख्यमंत्री ही संभाल रहे थे।
शासन की तरफ से जारी लिस्ट के अनुसार खजान दास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण और भाषा का कार्यभार दिया गया। भरत सिंह चौधरी ग्राम्य विकास और लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम विभाग संभालेंगे, जबकि मदन कौशिक को पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा व पुनर्गठन एवं जनगणना विभाग दिया गया है। इसके साथ ही परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी की जिम्मेदारी प्रदीप बत्रा को सौंपी गई है। इस क्रम में राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन और जलागम प्रबंधन विभाग दिया गया है।
इस बीच सीएम धामी ने स्वास्थ्य विभाग सुबोध उनियाल को दिया है, पहले यह विभाग मंत्री धन सिंह रावत देख रहे थे। इसके साथ ही ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी से लेकर नए मंत्री भरत चौधरी को दिया है। इस तरह से पंचायती राज सतपाल महाराज से लेकर नए मंत्री मदन कौशिक को दिया है।
–आईएएनएस
एमएस/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



