विकसित भारत के विजन में युवाओं की निर्णायक भूमिका : सतीश महाना

Summary :

लखनऊ, 1 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को कहा कि भारत का संविधान हम सभी के लिए मार्गदर्शक ग्रंथ है और ‘विकसित भारत युवा संसद’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विजन को साकार करने की दिशा में एक सशक्त पहल है, जो युवाओं को भविष्य के भारत के निर्माण के लिए तैयार कर रही है। उत्तर प्रदेश विधानसभा मंडप में राज्य स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ का भव्य शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश यादव,…

लखनऊ, 1 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को कहा कि भारत का संविधान हम सभी के लिए मार्गदर्शक ग्रंथ है और ‘विकसित भारत युवा संसद’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विजन को साकार करने की दिशा में एक सशक्त पहल है, जो युवाओं को भविष्य के भारत के निर्माण के लिए तैयार कर रही है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा मंडप में राज्य स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ का भव्य शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश यादव, विधायक डॉ. सुरभि, नीरज बोरा और शशांक वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाना ने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और यही पीढ़ी देश की दिशा और दशा तय करेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अभी से भारत के भविष्य की आकृति पर गंभीरता से विचार करें। उन्होंने कहा कि सरकारों की जिम्मेदारी है कि वे आने वाली पीढ़ी के लिए विकास का मार्ग प्रशस्त करें और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए महाना ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग सरात्मक कार्यों के लिए होना चाहिए, अन्यथा यह भस्मासुर भी बन सकता है। उन्होंने युवाओं को विवेकपूर्ण ढंग से ज्ञान और तकनीक का उपयोग करने, समय प्रबंधन पर ध्यान देने और निरंतर परिश्रम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है जब वह समाज के काम आए। जीवन में प्रतिबद्धता और इच्छाशक्ति को सफलता का आधार बताते हुए उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे हमेशा जीतने के लिए कार्य करें, किसी को हराने के लिए नहीं, और अपनी योग्यता पर अहंकार से बचें।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि उनमें अपार संभावनाएं हैं और सफलता के लिए जोखिम उठाना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को विनम्रता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान ‘माय भारत’ से जुड़े अधिकारियों ने व्यवस्थाएं संभालीं। क्षेत्रीय निदेशक अनिल सिंह और राज्य निदेशक गोपेश पांडे ने अतिथियों का स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि इस राज्य स्तरीय युवा संसद में प्रदेश के 75 जिलों से चयनित 375 युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

यह कार्यक्रम 1 से 3 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागी ‘केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर भारतीय युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना’ विषय पर अपने विचार रखेंगे। विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि भारत पुनः विश्व को मार्गदर्शन देने वाला राष्ट्र बनेगा और इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.