पटना, 22 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यालय, मुख्यमंत्री आवास और राजभवन के पास विरोध प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
संजय सरावगी ने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ये लोग अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ये लोग स्टूडेंट नहीं हैं। स्टूडेंट भला ऐसा कैसे कर सकते हैं। शिक्षा के मंदिर में शिक्षा ग्रहण करने वाले लोग ऐसा नहीं कर सकते हैं। कांग्रेस से इस संबंध में कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है। पत्थरबाजी के दौरान इनके प्रभारी खुद नजर आ रहे हैं। ये लोकतंत्र बिल्कुल भी नहीं हो सकता है। ये लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली घटना है।
साथ ही, उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उनके मुताबिक, राहुल गांधी देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। अब उसी तरह से कांग्रेस के गुंडों ने अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश की है। इन लोगों ने पत्थरबाजी और हथियार तक फेंकने की कोशिश की, जिसकी जद में आकर भाजपा के कई कार्यकर्ता घायल हो गए। राजभवन के बाहर पत्थरबाजी करके अराजक माहौल बनाने की कोशिश की गई। बच्चों को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई।
भाजपा नेता ने कहा कि जिस तरह से सुनियोजित तरीके से माहौल को अराजक करने की कोशिश की जा रही है, वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। इसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। इस तरह की गुंडागर्दी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आज कांग्रेस मुख्यालय के पास भाजपा का राष्ट्रव्यापी आंदोलन था, जिसे शांतिपूर्ण करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन इसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसकी जद में आकर कई पत्रकार और कार्यकर्ता घायल हो गए। ये लोग अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इनके मंसूबे किसी भी हाल में पूरे नहीं होंगे।
–आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



