योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेताओं ने दी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की शुभकामनाएं

Summary :

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत अन्य नेताओं ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की शुभकामनाएं दीं। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नवोन्मेष और विज्ञान के पथ-प्रदर्शक देश के सभी मेधावी वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं अभियंताओं को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं। वर्ष 1998 में पोखरण के ऐतिहासिक परमाणु परीक्षण (ऑपरेशन शक्ति) की अभूतपूर्व सफलता ने भारत के अदम्य सामरिक कौशल और तकनीकी सामर्थ्य का परचम पूरे विश्व में लहराया था। आप सभी का उत्कृष्ट अनुसंधान और नवाचार ‘नए…

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत अन्य नेताओं ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की शुभकामनाएं दीं।

योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नवोन्मेष और विज्ञान के पथ-प्रदर्शक देश के सभी मेधावी वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं अभियंताओं को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं। वर्ष 1998 में पोखरण के ऐतिहासिक परमाणु परीक्षण (ऑपरेशन शक्ति) की अभूतपूर्व सफलता ने भारत के अदम्य सामरिक कौशल और तकनीकी सामर्थ्य का परचम पूरे विश्व में लहराया था। आप सभी का उत्कृष्ट अनुसंधान और नवाचार ‘नए भारत’ की आधारशिला को सदैव सुदृढ़ व सशक्त करता रहेगा।

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी अपने पोस्ट में लिखा कि नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी उत्कृष्टता के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दे रहे समस्त वैज्ञानिकों, इंजीनियरों एवं शोधकर्ताओं को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं। 11 मई 1998 को पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण के साथ भारत ने विश्व पटल पर अपनी वैज्ञानिक क्षमता, तकनीकी सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता का ऐतिहासिक परिचय दिया। पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में यह उपलब्धि नए भारत के आत्मविश्वास, सामर्थ्य और तकनीकी प्रगति का प्रतीक बनी।

यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लिखा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस भारतीय वैज्ञानिकों की उस क्षमता का प्रमाण है, जिसने 1998 में पोखरण में परमाणु परीक्षण के माध्यम से दुनिया को भारत की सामरिक शक्ति का लोहा मनवाया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उभरता नया भारत तकनीक और नवाचार के दम पर आत्मनिर्भरता के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। वर्ष 1998 में आज ही के दिन राजस्थान की वीरभूमि पोखरण में भारत ने सफल परमाणु परीक्षण कर विश्व पटल पर अपनी वैज्ञानिक क्षमता, आत्मनिर्भरता एवं सामरिक शक्ति का परिचय दिया था। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के दूरदर्शी नेतृत्व में प्राप्त यह ऐतिहासिक उपलब्धि राष्ट्र के गौरव, सुरक्षा और स्वाभिमान का प्रतीक है। यह दिवस हमें विज्ञान, नवाचार एवं तकनीकी विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण हेतु निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर देश के समस्त वैज्ञानिकों व तकनीकी विशेषज्ञों को शुभकामनाएं। आज ही के दिन 11 मई 1998 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने सफल पोखरण परमाणु परीक्षण कर ‘समर्थ भारत-सक्षम भारत’ के संकल्प की सिद्धि की थी। उन्हीं के पदचिह्नों का अनुसरण करते हुए पीएम मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया और अन्य कौशल उन्नयन आदि परियोजनाएं “आत्मनिर्भर भारत” की परिकल्पना को साकार कर रही हैं।

–आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.