शोपियां में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 1 आतंकी ढेर, मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद

Summary :

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया सूचना पर शोपियां के इमाम साहिब में शुक्रवार तड़के संयुक्त तलाश अभियान चलाया।

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार को घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया सूचना पर इमाम साहिब शोपियां में तड़के संयुक्त तलाश अभियान चलाया।

Shopian Encounter

सुरक्षा बलों के एक खास क्षेत्र की ओर बढ़ने पर वहां छिपे आतंकवादियों ने उनपर गोलियां चलाई जिससे दोनों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ में अब तक एक आतंकवादी मारा गया। इलाके में दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की रिपोर्ट है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इलाके में दो से तीन आतंकवादियों के फंसे होने की रिपोर्ट है। एहतियातन अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। इस बीच किसी तरह की अफवाह पर रोक लगाने के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा स्थगित कर दी गई है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक मुठभेड़ जारी थी।

Desk Team