जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के नवाकदल इलाके में सुरक्षा बलों की घेराबंदी तथा तलाश अभियान के दौरान मंगलवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिद्दीन के 2 आतंकवादी मारे गए हैं जबकि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान सहित तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए।
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि नवाकदल में कल रात से शुरू हुए एनकाउंटर में 2 आतंकवादी मारे गए। इसमें से एक की पहचान श्रीनगर के जुनैद अशरफ खान और दूसरे की पुलवामा के तारिक अहमद शेख के रूप में की गई है। जुनैद हुर्रियत के चेयरमैन मोहम्मद अशरफ खान का सबसे छोटा बेटा है।

डीजीपी ने बताया कि एक अन्य आतंकवादी (तारिक) मार्च में हिज्बुल मुजाहिदीन में शामिल हो गया था और वह कल रात मुठभेड़ में मारा गया था। जुनैद अशरफ खान कई आपराधिक मामलों में वांछित था। वह हिजबुल मुजाहिदीन का डिवीजनल कमांडर था और मध्य कश्मीर क्षेत्र की भी देखभाल कर रहा था।
सुरक्षा बलों को आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में एक टिप मिलने के बाद मंगलवार आधी रात से मुठभेड़ शुरू हो गई थी। जैसे ही सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की और कनामजार में उनके ठिकाने पर फोकस किया, इसके बाद आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी।
आईजी कश्मीर विजय कुमार ने दोपहर 3 बजे के करीब शुरू हुई मुठभेड़ की पुष्टि की। श्रीनगर में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच यह झड़प लगभग दो वर्षों के बाद हो रही है। मुठभेड़ जारी रहने के कारण बीएसएनएल को छोड़कर अन्य मोबाइल इंटरनेट और वॉयस कॉलिंग को बंद कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



