दक्षिण कश्मीर हिमालय में बाबा बर्फानी की गुफा के दर्शन करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 1,782 तीर्थयात्रियों के 20 जत्थे आज जम्मू से रवाना हुए। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि कल शाम तक 2,16,555 तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन कर लिए हैं।
आज रवाना हुये जत्थे को मिलाकर अमरनाथ के लिए जम्मू से कुल 60,283 तीर्थयात्री जा चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ और पुलिस की सुरक्षा में रवाना हुये इस 20 वें जत्थे में 1,278 पुरूष, 404 महिलाएं और 100 साधु शामिल हैं। ये तीर्थयात्री आज सुबह बालताल और पहलगाम आधार शिविर से 85 वाहनों के काफिले में रवाना हुये।
सरकार ने पुलिस, सेना, BSF और CRPF सहित 35,000 और 40,000 जवानों को तैनात किया है। इस बार की यात्रा पिछले साल की यात्रा के मुकाबले आठ दिन कम रखी गयी है और यह श्रावण पूर्णिमा (रक्षा बंधन) के दिन सात अगस्त को समाप्त होगी।


Download Android App
Download iOS App



