जम्मू कश्मीर में पंचायत चुनावों के पांचवें चरण में बृहस्पतिवार को कश्मीर में 33.7 प्रतिशत जबकि जम्मू क्षेत्र में 85 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनावों का पांचवां चरण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।
आतंकवादी खतरे और मुख्य क्षेत्रीय पार्टियों नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के बहिष्कार के बावजूद कश्मीर में पहले तीन चरणों में मतदान का प्रतिशत अधिक रहा था। इसके बाद से मतदान प्रतिशत कम हो गया।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शालीन काबरा ने बताया कि इस चरण में कुल मिलाकर राज्य में 71.1 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि 2,512 मतदान केन्द्रों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ था जो अपराह्न दो बजे तक चला। जम्मू संभाग में 1,743 मतदान केन्द्र थे जबकि कश्मीर संभाग में 769 केन्द्रों पर मतदान हुआ।
करतारपुर पर बोली, महबूबा – भारत-पाक के रिश्ते सुधारने के लिए ‘नयी शुरूआत’ हो सकती है
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू क्षेत्र के रियासी जिले में सबसे अधिक 89.1 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि मध्य कश्मीर के पुलवामा जिले में सबसे कम 0.5 प्रतिशत मतदान हुआ। जिलावार ब्यौरा देते हुए काबरा ने बताया कि जम्मू क्षेत्र में डोडा में 83.3 प्रतिशत मतदान, रामबन में 85.2 प्रतिशत, उधमपुर में 82 प्रतिशत, रियासी में 89.1 प्रतिशत, जम्मू में 88.9 प्रतिशत, राजौरी में 82.8 प्रतिशत और पुंछ में 84.5 प्रतिशत मतदान हुआ।
उन्होंने बताया कि कश्मीर क्षेत्र के कुपवाड़ा जिले में 42.5 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद बांदीपुरा में 34.6 प्रतिशत,बारामूला में 32.9 प्रतिशत,गंदेरबल में 20.3 प्रतिशत, बडगाम में 34.8 प्रतिशत, पुलवामा में 0.5 प्रतिशत और अनंतनाग में 10.1 प्रतिशत मतदान हुआ।
इस बीच मुख्य सचिव बी वी आर सुब्रह्मण्यम ने चुनौतीपूर्ण स्थिति के बीच स्वंत्रत,निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से पंचायत चुनाव कराने के लिए राज्यपाल सत्यपाल मलिक की ओर से नागरिक और पुलिस प्रशासन को बधाई दी। राज्यपाल के निर्देशों पर सुब्रह्मण्यम चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करने के लिए श्रीनगर में डेरा डाले हुए है।


Download Android App
Download iOS App



